
arrested
Satna News : मध्य प्रदेश के सतना जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार ठगी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं। इन घटनाओं से लोगों में डर का माहौल उत्पन्न हो गया है। इसका एक ताजा मामला हाल ही सामने आया है, जब कियोस्क संचालक ने किसान को सोलर पंप योजना का लाभ दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठग लिए।
मामला सिंहपुर थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपी ने यह राशि अलग-अलग तारीखों में रजिस्ट्रेशन और पंप के काम के नाम पर ली थी। इनमें से केवल 5,000 रुपये ही अक्षय ऊर्जा विभाग में जमा किए गए थे।
ऐसे हुआ खुलासा
कियोस्क संचालक ने योजना का लाभ दिलाने के 4 लाख 14 हजार रुपये लिए, लेकिन केवल ₹5000 ही उसने संबंधित विभाग में जमा किए। बाकी के पैसे उसने हड़प लिए। पैसे जमा होने के बाद भी काफी समय तक कनेक्शन न मिलने पर पीड़ित किसान जितेंद्र ने अक्षय ऊर्जा विभाग रीवा में संपर्क किया, जहां उन्हें बताया गया कि विभाग को अब तक केवल ₹5000 रजिस्ट्रेशन के लिए मिले हैं। इसके बाद जितेंद्र ने तत्काल इसके शिकायत पुलिस थाने में करवाई। वहीं, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच पड़ताल की और कियोस्क संचालक देवेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। जिसके खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
किसान को दी थी रसीद
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, साल 2018 में जितेंद्र सिंह ने सोलर पंप योजना के तहत कनेक्शन के लिए देवेंद्र को पैसे दिए थे, लेकिन देवेंद्र द्वारा अक्षय ऊर्जा विभाग के रीवा कार्यालय में केवल ₹5000 ही जमा की गई थी। इन सभी पैसों की देवेंद्र ने किसान को रसीद भी दी थी।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

