
Satna Road Accident : मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जिसमें 1 युवक की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए हैं। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम करते हुए पोस्टमार्टम के लिए हुए जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही 108 एंबुलेंस की सहायता से दो घायलों को इलाज के लिए चिकित्सालय भिजवाया गया है।
किस जगह का मामला?
दरअसल, मामला सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे का है। जब एक पिकअप वाहन और ट्रक में जोरदार भिड़ंत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल, पुलिस शिनाख्त में मृतक की पहचान राजाराम पांडेय निवासी मछरिया पुरवा पांडेय टोला शिवरामपुर चित्रकूट के रुप में की गई है। जिसकी उम्र 38 वर्ष बताई जा रही है।
खोवा लेकर आ रहे थे सतना
वहीं, घायलों का इलाज जारी है। फिलहाल, दोनों खतरे से बाहर हैं। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज करते हुई आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक राजाराम और घायल सत्यनारायण जायसवाल दोनों खोवा का कारोबार करते थे जो पिकअप वाहन से खोवा लेकर सतना की ओर आ रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

