NEET की तैयारी कर रही शिवपुरी की छात्रा का कोटा में अपहरण, आरोपियों ने हाथ, पैर, मुंह बंधे फोटो पिता को भेजकर मांगी 30 लाख की फिरौती

neet girl student kidnapping

Shivpuri News : देश के एजुकेशन हब में से एक कोटा राजस्थान से NEET की पढ़ाई कर रही एक छात्रा के अपहरण की खबर सामने आ रही है, छात्रा मध्य प्रदेश के शिवपुरी की रहने वाली है, अपहरणकर्ताओं ने छात्रा के पिता के मोबाइल पर  छात्रा के फोटो भेजे में हैं जिसमें उसके मुंह, हाथ और पैर बंधे हुए दिखाई दे रहे हैं, फोटो के साथ अपहरण कर्ताओं ने 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी है, कोटा पुलिस ने पिता की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है, उधर शिवपुरी पुलिस भी कोटा पुलिस के संपर्क में है।

बेटी का अपहरण कर फोटो भेजे मांगी 30 लाख की फिरौती 

शिवपुरी जिले के बैराड़ कस्बे में एक स्कूल संचालित करने वाले रघुवीर धाकड़ की 20 साल की बेटी काव्या कोटा में रहकर NEET की तैयारी कर रही है, सोमवार को उनके तब होश उड़ गए जब उनके व्हाट्स एप पर दिन में करीब 3 बजे काव्या के हाथ, मुंह और पैर बंधे फोटो पहुंचे,  अपहरणकर्ताओं ने वारदात की जानकारी देकर 30 लाख रुपये की मांग की, फोटो भेजने वाले ने काव्या को जिन्दा छोड़ने के बदले 30 लाख रुपये की फिरौती की मांग की।

अपहरणकर्ताओं ने बैंक खाते की डिटेल भेजकर ऑनलाइन मांगी रकम  

अपहरणकर्ता ने एक बैंक खाते का नंबर  भेजकर सोमवार शाम तक रुपये भेजने की चेतावनी दी, स्कूल संचालक ने इतने रुपये नहीं होने और इसकी व्यवस्था के लिए समय मांगा तो अपहरणकर्ता ने काव्या की हत्या की धमकी दी जिसके बाद पिता ने कहा कि वो पैसों का इंतजाम करता है, उसके बाद रघुवीर धाकड़ ने कोटा पुलिस से टेलीफोन पर संपर्क कर पूरा घटनाक्रम बताया।

शिवपुरी से कोटा पहुंचे स्कूल संचालक पिता ने कराई FIR 

रघुवीर धाकड़ अन्य परिजनों के साथ कोटा पहुंचे और विज्ञान नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, उन्होंने पुलिस को पूरी बात बताई और सुबूत के तौर पर अपहरणकर्ता के साथ हुई चैट सौंपी, उन्होंने पुलिस को बताया कि वे सितम्बर 2023 में बेटी को विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में संचालित कोचिंग में एडमिशन करा कर गए थे, उसे एक रूम भी कोचिंग के पास ही दिलवाया था।

कोटा पुलिस ने FIR दर्ज कर बदमाशों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की 

पुलिस ने रघुवीर की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है,  कोटा के डीएसपी मनीष शर्मा के मुताबिक पुलिस फोटो के आधार पर उस स्थान की पहचान करने की कोशिश कर रही है जहाँ के ये फोटो हो सकते हैं, पुलिस मोबाइल नंबर, कोचिंग संस्थान, आसपास के सीसीटीवी के आधार पर घटनाक्रम की बिन्दुवार जानकारी जुटा रही है।

[dgv_vimeo_video id=”924892657″]

पिता के मुताबिक पहले भी बेटी को परेशान करने वालों की पुलिस में शिकायत की गई थी 

रघुवीर धाकड़ ने पुलिस को बताया कि बेटी दीपावली पर घर आई थी उसके बाद से वो कोटा में ही थी, रविवार को उसकी अपनी माँ से बात हुई थी तब उसने परीक्षा देकर आने की बात कही थी तब वो ठीक थी, और सोमवार को अपहरण हो गया और 30 लाख की फिरौती मांगी गई, पिता ने ये भी बताया कि बेटी दो साल पहले इंदौर में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी तब शिवपुरी के पोहरी कस्बे के एक लड़के ने उसे इंदौर जाकर परेशान किया था जिसकी शिकायत इंदौर पुलिस में कराई थी।

इंदौर में हुए घटनाक्रम के बाद बेटी को वापस बुलाया , सितम्बर में कोटा एडमिशन कराया 

पुलिस में शिकायत के बाद दो लड़कों द्वारा बेटी के मोबाइल पर धमकी भरे मैसेज भेजे जाने लगे जिसकी शिकायत भी पुलिस में की गई लेकिन फिर बेटी को इंदौर से शिवपुरी वापस बुला लिया, काव्या 6 महीने तक शिवपुरी में रही फिर उसका एडमिशन कोटा राजस्थान करा दिया गया जहाँ उसके साथ ये घटनाक्रम हो गया।

शिवपुरी एसपी कोटा एसपी के संपर्क में, ग्वालियर आईजी ने कहा आरोपी जल्दी पकड़े जायेंगे 

उधर शिवपुरी एसपी अमन सिंह राठौर में एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ को टेलीफोन बातचीत में बताया कि वे कोटा एसपी से लगातार संपर्क में हैं और उन्हें जो सहयोग चाहिए वे उपलब्ध करा रहे हैं वे भी बच्ची के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रहे है, ग्वालियर आईजी अरविंद सक्सेना ने एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ से कहा कि मैंने कोटा के वरिष्ठ अधिकारियों से बात की है उन्होंने जल्दी ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है, उम्मीद है जल्दी ही आरोपी पकड़े जायेंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews