
एशिया कप 2025 का टूर्नामेंट अब धीरे-धीरे समाप्ति की ओर बढ़ रहा है। जल्द ही दो फाइनलिस्ट टीमें भी मिल सकती हैं। दरअसल, इस समय टूर्नामेंट में सुपर-4 के मुकाबले खेले जा रहे हैं। सुपर-4 में अब तक कुल दो मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला श्रीलंका और बांग्लादेश की टीम के बीच खेला गया था, जिसमें बांग्लादेश की टीम ने जीत हासिल की थी। जबकि दूसरा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया, जिसमें भारत ने शानदार जीत हासिल की थी। अब सभी के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या अब भी भारत और पाकिस्तान का फाइनल मुकाबला देखने को मिल सकता है, चलिए जानते हैं।
बता दें कि इस समय सुपर-4 के पॉइंट्स टेबल में भारत पहले स्थान पर है और दूसरे स्थान पर बांग्लादेश की टीम है। दोनों ने ही अपने पहले मुकाबले जीते हैं, जबकि तीसरे नंबर पर इस समय श्रीलंका की टीम मौजूद है। श्रीलंका का नेट रन रेट -0.121 है, जबकि पाकिस्तान का नेट रन रेट -0.689 है।
पॉइंट्स टेबल पर डालें नजर
अगर भारत के आने वाले मुकाबलों पर नजर डाली जाए तो वे बांग्लादेश और श्रीलंका से होंगे। भारत इन मुकाबलों में से अगर एक मुकाबला भी जीत लेता है तो लगभग फाइनल में पहुंच जाएगा, जबकि अगर दोनों मुकाबले जीत जाता है तो फाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगा। वहीं, बांग्लादेश के अगले मुकाबले भारत और पाकिस्तान के खिलाफ होंगे। बांग्लादेश को फाइनल में पहुंचने के लिए भारत या पाकिस्तान को हराना जरूरी होगा। बांग्लादेश ने श्रीलंका को हरा दिया है, ऐसे में टीम के पास महत्वपूर्ण पॉइंट्स हैं, लेकिन फाइनल में पहुंचने के लिए टीम को 6 पॉइंट की जरूरत है। जबकि अगर 4 पॉइंट्स पर बांग्लादेश को क्वालीफाई करना है तो नेट रन रेट को बेहतर बनाए रखना होगा।
कैसे हो सकता है भारत पाकिस्तान का फाइनल मैच?
सवाल उठता है कि क्या भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला देखने को मिलेगा? दरअसल, अभी भी इसके काफी चांस हैं। अगर पाकिस्तान अपने बचे हुए दोनों मुकाबले जीत लेता है और भारत बांग्लादेश और श्रीलंका को हरा देता है तो भारत और पाकिस्तान का फाइनल मुकाबला देखने को मिलेगा। दरअसल, भारत 6 पॉइंट्स और पाकिस्तान 4 पॉइंट्स के साथ फाइनल में प्रवेश कर सकता है। श्रीलंका को फाइनल में पहुंचने के लिए अपने दोनों मुकाबले जीतने होंगे। अगर वह पाकिस्तान से जीत जाता है तो पाकिस्तान एशिया कप से बाहर हो जाएगा।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

