
एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान की टीम के बीच फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारत की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया। पाकिस्तान ने फाइनल मुकाबले में बेहद शानदार शुरुआत की है। टीम ने पावरप्ले में बड़ा स्कोर बनाया और भारतीय गेंदबाजों को बेहद परेशान किया। 10 ओवर तक पाकिस्तान की टीम भारत पर हावी नजर आई, लेकिन एकदम से भारतीय गेंदबाजों ने खेल पलट दिया।
11 ओवर तक पाकिस्तान का स्कोर 98 रन था और मात्र एक विकेट गिरा था। उसके बाद कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने टीम को दो और बड़े झटके दे दिए। खबर लिखे जाने तक 16 ओवर खेला जा चुका था और पाकिस्तान की टीम ने 133 रन बना लिए थे।
अभिषेक शर्मा बनेंगे प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
हालांकि फाइनल मुकाबले से पहले नजर डाली जाए तो पाकिस्तान के बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, जबकि भारत के बल्लेबाज बेहद शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। बता दें कि इस समय प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने की रेस में सबसे आगे भारत के अभिषेक शर्मा चल रहे हैं। अभिषेक शर्मा इस समय एशिया कप 2025 में टॉप स्कोरर हैं। अभिषेक ने हर मुकाबले में भारतीय टीम को तेज शुरुआत दी है। अब तक अभिषेक ने 6 मुकाबलों में 51 की औसत से 309 रन बना लिए हैं।
कुलदीप यादव इस लिस्ट में शामिल
जबकि इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर भी भारत के ही कुलदीप यादव चल रहे हैं। कुलदीप यादव को भी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट दिया जा सकता है। दरअसल, कुलदीप यादव इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। कुलदीप यादव अब तक एशिया कप के 6 मुकाबलों में 13 विकेट चटका चुके हैं। कुलदीप यादव ने दो बार तीन विकेट हासिल किए और 6.4 की इकॉनमी से गेंदबाजी की। उन्होंने भारत को हर समय विकेट दिलाए हैं।
पाकिस्तान के शाहीन शाह अफरीदी
जबकि तीसरे नंबर के दावेदार पाकिस्तान के शाहीन शाह अफरीदी हैं। शाहीन शाह ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में कमाल किया है। अक्सर शाहीन शाह अफरीदी को निचले क्रम पर बल्लेबाजी का मौका मिला है, लेकिन उन्होंने बल्लेबाजी में पाकिस्तान को अच्छा साथ दिया है। अब तक बल्लेबाजी में शाहीन शाह अफरीदी ने 6 मुकाबलों में 83 रन बना दिए हैं। भारत के खिलाफ भी उनके बल्ले से नाबाद 33 रन निकले थे, जबकि गेंदबाजी में भी शाहीन अफरीदी विकेट चटका चुके हैं। अगर फाइनल मुकाबले में वह अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें भी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट दिया जा सकता है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

