
भारत ने शुक्रवार को एशियन गेम्स 2026 में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दरअसल जापान के नागोया में खेले गए 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम फाइनल में भारतीय जोड़ी सुरुचि और कमलजीत ने पूरे मुकाबले में बढ़त बनाए रखी और गोल्ड मेडल जीत लिया। यह एशियन गेम्स में भारत का दूसरा स्वर्ण पदक है जबकि शूटिंग में पहला गोल्ड है।
दरअसल भारतीय जोड़ी ने 484.6 अंक हासिल किए और दक्षिण कोरिया को 6.6 अंकों के अंतर से पीछे छोड़ दिया। इससे पहले महिला क्रिकेट टीम ने भारत को पहला गोल्ड दिलाया था। शूटिंग में यह सफलता भारतीय दल के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है क्योंकि इसी खेल ने अब तक सबसे ज्यादा पदक दिलाए हैं।
सुरुचि और कमलजीत ने फाइनल में दक्षिण कोरिया को पीछे छोड़ा
वहीं 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम फाइनल में भारतीय निशानेबाजों ने शुरुआत से ही दमदार प्रदर्शन किया। सुरुचि और कमलजीत ने लगातार अच्छे शॉट लगाए और अंत तक अपनी बढ़त बनाए रखी। भारत ने 484.6 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया जबकि दक्षिण कोरिया की टीम 478.0 अंकों के साथ सिल्वर मेडल तक सीमित रही। ईरान ने 415.8 अंक बनाकर ब्रॉन्ज अपने नाम किया। इसी दिन भारत को 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम इवेंट में भी सिल्वर मेडल मिला। भारतीय टीम ने 1762 अंक बनाए, जबकि चीन ने 1766 अंक के साथ गोल्ड जीता और दक्षिण कोरिया 1751 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इन दोनों नतीजों से शूटिंग में भारत का पदक अभियान और मजबूत हो गया। अब तक भारत की शूटिंग टीम 1 गोल्ड, 5 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज समेत कुल 10 पदक जीत चुकी है। यह प्रदर्शन एशियन गेम्स में भारतीय शूटिंग दल की लगातार सफलता को दिखाता है।
दूसरे खेलों में भी शानदार प्रदर्शन
दरअसल शूटिंग के गोल्ड के बाद भारत ने कुल 19 पदकों के साथ पदक तालिका में 12वें स्थान पर जगह बनाई। भारत के खाते में अब 2 गोल्ड, 8 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल हैं। टीम इंडिया को दूसरे खेलों में भी लगातार अच्छी खबरें मिलीं। वहीं महिला कबड्डी टीम ने सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। मुकाबले के दौरान भारतीय टीम ने शुरुआत से बढ़त बनाए रखी और नेपाल को वापसी का मौका नहीं दिया। अब भारत का सामना फाइनल में चीनी ताइपे या ईरान से होगा। इसके साथ ही स्क्वॉश में अभय सिंह ने जापान के रयूनोसुके त्सुकुए को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। बैडमिंटन में उन्नति हुड्डा ने उत्तर कोरिया की यी मी सॉन्ग को सीधे गेमों में हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं टेबल टेनिस में यशस्विनी घोरपड़े तीसरे राउंड तक पहुंचने में सफल रहीं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

