T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका, पैट कमिंस चोट के कारण बाहर, अब इस खिलाड़ी को मिली टीम में जगह

ऑस्ट्रेलिया ने भारत और श्रीलंका में होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी फाइनल टीम में दो बड़े बदलाव किए हैं। स्टार तेज गेंदबाज पैट कमिंस पीठ की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह बाएं हाथ के पेसर बेन ड्वारशुइस को मौका मिला है।
Pat Cummins

भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू हो रहे T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज और टेस्ट कप्तान पैट कमिंस पीठ की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उनकी जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बेन ड्वारशुइस को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया है।

यह बदलाव ऑस्ट्रेलिया की वर्ल्ड कप तैयारियों के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ है, क्योंकि कमिंस टीम के सबसे अनुभवी गेंदबाजों में से एक हैं। टीम में एक और बदलाव करते हुए मैथ्यू शॉर्ट की जगह मैट रेनशॉ को भी स्क्वॉड में जगह दी गई है।

कमिंस और शॉर्ट बाहर, ड्वारशुइस-रेनशॉ को मौका

ऑस्ट्रेलिया की फाइनल स्क्वॉड से सिर्फ कमिंस ही नहीं, बल्कि ऑलराउंडर मैथ्यू शॉर्ट को भी बाहर का रास्ता दिखाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पैट कमिंस अभी तक अपनी पीठ की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं, जिसके चलते उन्हें आराम देने का फैसला किया गया। वहीं, मैथ्यू शॉर्ट की जगह बल्लेबाज मैट रेनशॉ को शामिल किया गया है, ताकि टीम के मध्यक्रम को मजबूती मिल सके।

चयनकर्ताओं ने बताई बदलाव की वजह

ऑस्ट्रेलियाई टीम के चयनकर्ता टोनी डोडमेड के अनुसार, ये बदलाव टीम के संतुलन को बेहतर बनाने के लिए किए गए हैं। उन्होंने कहा, “बेन ड्वारशुइस टीम को एक बाएं हाथ के तेज गेंदबाज का विकल्प देते हैं, जो गेंदबाजी आक्रमण में विविधता लाएगा। वह एक अच्छे फील्डर होने के साथ-साथ निचले क्रम में कुछ उपयोगी रन भी बना सकते हैं।”

डोडमेड ने आगे कहा कि मैट रेनशॉ ने सभी फॉर्मेट में अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया है। उन्हें उम्मीद है कि रेनशॉ वर्ल्ड कप में टीम के मध्यक्रम में एक अहम भूमिका निभाएंगे।

कैसा है नए खिलाड़ियों का T20I रिकॉर्ड?

पैट कमिंस की जगह लेने वाले बेन ड्वारशुइस ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अब तक 13 T20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 20 विकेट हासिल किए हैं। उन्होंने अपना आखिरी T20I मुकाबला नवंबर 2025 में भारत के खिलाफ ब्रिसबेन में खेला था। दूसरी ओर, मैट रेनशॉ के पास T20I का ज्यादा अनुभव नहीं है। उन्होंने इसी साल 29 जनवरी को लाहौर में पाकिस्तान के खिलाफ अपना एकमात्र T20I मैच खेला है।

T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम

मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, जोश हेजलवुड, मैथ्यू कुन्हेमन, ग्लेन मैक्सवेल, मैट रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम जंपा।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews