
बीसीसीआई ने सभी सीनियर खिलाड़ियों को निर्देश दिया है कि भारतीय टीम में चयन के लिए डोमेस्टिक क्रिकेट खेलना अनिवार्य होगा। इसी के चलते अब सभी बड़े खिलाड़ी रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन के दूसरे चरण में अपनी-अपनी टीम से खेल रहे हैं। मुंबई की टीम से भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और यशस्वी जयसवाल खेलते हुए नजर आ रहे हैं। शुभमन गिल पंजाब से, श्रेयस अय्यर मुंबई से, रविंद्र जडेजा सौराष्ट्र से, ऋषभ पंत दिल्ली से और विराट कोहली भी दिल्ली से डोमेस्टिक क्रिकेट खेल रहे हैं।
हालांकि, नई जानकारी के मुताबिक, सभी बड़े खिलाड़ी रणजी ट्रॉफी के आखिरी लीग मैच में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। इसका कारण इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज है। इन खिलाड़ियों को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। ये खिलाड़ी चैंपियंस ट्रॉफी से पहले इस महत्वपूर्ण सीरीज में हिस्सा लेंगे।
आखिरी लीग मैच में ये खिलाडी नहीं रहेंगे मौजूद
रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन के दूसरे चरण में मुंबई की टीम का आखिरी लीग मैच मेघालय के खिलाफ होने वाला है। यह मुकाबला 30 जनवरी से 2 फरवरी तक खेला जाएगा। इस मुकाबले में रोहित शर्मा, यशस्वी जयसवाल, श्रेयस अय्यर और शिवम दुबे मुंबई की टीम का हिस्सा नहीं होंगे क्योंकि ये खिलाड़ी इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में शामिल किए गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। यह सीरीज 6 फरवरी से शुरू होगी और चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इन तारीख को खेले जाएंगे इंग्लैंड के साथ मुकाबले
दरअसल, वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 6 फरवरी को नागपुर में खेला जाएगा, दूसरा मुकाबला 9 फरवरी को कटक में और तीसरा व अंतिम मुकाबला 12 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। इंग्लैंड इस समय भारत दौरे पर है और ये मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे से शुरू होंगे। जब भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए एकजुट होगी, उस समय मुंबई की टीम अपना आखिरी लीग मुकाबला मेघालय के खिलाफ खेल रही होगी। इस वजह से भारतीय टीम में शामिल खिलाड़ी मुंबई की टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

