
बुची बाबू टूर्नामेंट के लिए महाराष्ट्र की टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस 17 सदस्यीय टीम में पृथ्वी शॉ का नाम भी शामिल है। पृथ्वी शॉ महाराष्ट्र की टीम से बुची बाबू टूर्नामेंट में डेब्यू करेंगे, जबकि 17 सदस्यीय टीम में ऋतुराज गायकवाड का नाम भी शामिल है। टीम में दो बड़े नाम होने से अब यह टीम और भी मजबूत नजर आ रही है। बता दें कि हाल ही में पृथ्वी शॉ ने मुंबई की टीम से अलग होने का फैसला लिया था, लेकिन जल्द ही उन्होंने महाराष्ट्र के साथ जुड़ने का निर्णय कर लिया।
हाल ही के समय में पृथ्वी शॉ का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और खराब फिटनेस के चलते उन्हें मुंबई की टीम से बाहर किया गया था। लेकिन अब यह 25 वर्षीय खिलाड़ी महाराष्ट्र की टीम के साथ जुड़कर अपने करियर को नई ऊंचाई दे सकता है।
कब से कब तक खेला जाएगा यह टूर्नामेंट
बुची बाबू टूर्नामेंट पर नजर डाली जाए तो यह टूर्नामेंट 18 अगस्त से शुरू होगा, जो 9 सितंबर तक चलेगा। यह पूरा टूर्नामेंट चेन्नई में ही खेला जाएगा। महाराष्ट्र की टीम के कप्तान अंकित बावने को बनाया गया है। हालांकि, ऋतुराज गायकवाड और विकेटकीपर सौरभ नवले इस टूर्नामेंट में केवल एक मैच ही खेल पाएंगे और उसके बाद उन्हें दलीप ट्रॉफी के लिए बेंगलुरु में पश्चिम क्षेत्र की टीम से जुड़ना होगा। बता दें कि पश्चिम क्षेत्र की टीम को सेमीफाइनल में सीधा प्रवेश दिया गया है, जिसके चलते टीम का पहला मुकाबला 4 सितंबर को खेला जाएगा।
पृथ्वी शॉ के लिए बेहद महत्वपूर्ण
पृथ्वी शॉ के लिए बुची बाबू टूर्नामेंट बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है। दरअसल, लंबे समय से पृथ्वी शॉ क्रिकेट में वापसी करने के लिए उत्सुक हैं। पहले IPL 2025 में उन्हें किसी भी टीम में नहीं चुना गया और उसके बाद उन्हें मुश्ताक अली जैसे टूर्नामेंट से भी बाहर कर दिया गया। लंबे समय से पृथ्वी शॉ भारतीय टीम में वापसी का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में बुची बाबू टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन कर पृथ्वी शॉ अपनी वापसी के रास्ते खोल सकते हैं।
बुची बाबू टूर्नामेंट के लिए महाराष्ट्र की टीम किस प्रकार होगी —
अंकित बावने (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, पृथ्वी शॉ, सिद्धेश वीर, सचिन धास, अर्शिन कुलकर्णी, हर्षल काटे, सिद्धार्थ म्हात्रे, सौरभ नवाले, मंदार भंडारी, रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी, प्रदीप दाधे, विक्की ओस्तवाल, हितेश वालुंज, प्रशांत सोलंकी और राजवर्धन हांगरगेकर।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

