बांग्लादेश के पूर्व कप्तान मुशफिकुर रहीम ने टी-20 क्रिकेट से लिया संन्यास

बांग्लादेश के पूर्व कप्तान मुशफिकुर रहीम ने टी-20 क्रिकेट से लिया संन्यास

खेल, डेस्क रिपोर्ट। बांग्लादेश के विकेटकीपर-बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने एकदिवसीय और टेस्ट क्रिकेट पर फोकस करने के लिए टी-20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है। बांग्लादेश के पूर्व कप्तान ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी, जहां उन्होंने लिखा, “मैं टी20 इंटरनेशनल से संन्यास की घोषणा करना चाहता हूं और खेल के टेस्ट और वनडे प्रारूपों पर ध्यान केंद्रित करना चाहता हूं। मौका आने पर मैं फ्रेंचाइजी लीग खेलने के लिए उपलब्ध रहूंगा। दो प्रारूपों में गर्व से अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए उत्सुक हूं।”

— Mushfiqur Rahim (@mushfiqur15) September 4, 2022

यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब वह T20I में खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं, मौजूदा एशिया कप में दो मैचों में उनके बल्ले से 1 और 4 निकले है। श्रीलंका के खिलाफ टीम के करो या मरो मैच के दौरान उनसे एक महत्वपूर्ण कैच छूट गया था। फिलहाल, बांग्लादेश टूर्नामेंट से भी बाहर हो गया है। मुशफिकुर जुलाई में तमीम इकबाल के संन्यास के बाद सबसे छोटे प्रारूप से संन्यास लेने वाले बांग्लादेश के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।

ऐसा रहा रहीम का टी-20 इंटरनेशनल में प्रदर्शन

मुशफिकुर रहीम ने 28 नवंबर, 2006 को 16 साल पहले शेख अबू नासर स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ पदार्पण किया था। उन्होंने अपने करियर में 102 टी -20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले है, जिसमें 114.94 के स्ट्राइक रेट और 19.23 के औसत से 1500 रन बनाए है। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 72 रहा, जिसमें 6 अर्धशतक शामिल है। विकेटकीपर के रूप में उन्होंने कुल 72 शिकार किए, जिसमें 42 कैच 30 स्टंप शामिल है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews