14 साल बाद इंटरनेशनल मैच की मेजबानी करेगा ग्वालियर, बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 मैच खेलेगा भारत, जानिए इसे लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने क्या कहा, पढ़ें खबर

मंगलवार को BCCI ने एक बड़ा एलान करते हुए 2024-25 के घरेलू सत्र के शेड्यूल में एक बड़ा बदलाव किया है। दरअसल लगभग 14 साल के बाद मध्य प्रदेश के ग्वालियर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की मेजबानी करने का मौका दिया गया है।
14 साल बाद इंटरनेशनल मैच की मेजबानी करेगा ग्वालियर, बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 मैच खेलेगा भारत, जानिए इसे लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने क्या कहा, पढ़ें खबर

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 2024-25 के घरेलू सत्र के शेड्यूल में एक महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए मध्य प्रदेश के ग्वालियर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की मेजबानी का एक सुनहरा अवसर प्रदान किया है। दरअसल यह ग्वालियर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खुशी की बात है, क्योंकि लगभग 14 साल के बाद इस शहर में फिर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का आयोजन होगा। जानकारी के अनुसार बांग्लादेश के खिलाफ पहला टी-20 मैच अब ग्वालियर के माधवराव सिंधिया स्टेडियम में खेला जाएगा।

ग्वालियर में 14 साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी

दरअसल ग्वालियर में 14 साल के लंबे इंतजार के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी होने जा रही है। इस शहर ने आखिरी बार 2010 में एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की मेजबानी की थी, जब सचिन तेंदुलकर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऐतिहासिक दोहरा शतक लगाकर क्रिकेट इतिहास में एक नई इबारत लिखी थी। वह मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बन गया था, और अब ग्वालियर के क्रिकेट प्रशंसक एक बार फिर अपने शहर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का आनंद लेने के लिए उत्साहित हैं।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दी बधाई

वहीं ग्वालियर शहर को इस मेजबानी के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बधाई दी। दरअसल ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा कि, “14 साल का इंतजार हुआ पूरा! समस्त ग्वालियरवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। 14 वर्ष के इंतजार के बाद शहर में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच, 6 अक्टूबर 2024 को भारत और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा। नवनिर्मित श्रीमंत माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम (ग्वालियर) में आयोजित होने वाला यह T20 मैच निश्चित ही क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक सौगात होगा साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को एक नई शक्ति देगा।”

दरअसल यह मैच पहले हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में होना तय था, लेकिन वहां ड्रेसिंग रूम के नवीनीकरण के चलते इसे ग्वालियर में स्थानांतरित कर दिया गया है। अब यह मुकाबला 6 अक्टूबर 2024 को ग्वालियर के नए माधवराव सिंधिया स्टेडियम में खेला जाएगा। इस आयोजन से न केवल ग्वालियर में क्रिकेट के प्रति जोश और उत्साह बढ़ेगा, बल्कि यह शहर एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के मानचित्र पर अपनी जगह मजबूत करेगा।

होम सीजन में दो मैचों के वेन्यू में बदलाव

बता दें कि BCCI ने 2024-25 के होम सीजन के दौरान दो महत्वपूर्ण मैचों के स्थल में बदलाव किया है। ग्वालियर में होने वाले मैच के अलावा, इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले दूसरे टी-20 मैच का भी स्थान बदला गया है। पहले यह मुकाबला 22 जनवरी 2025 को कोलकाता के ईडन गार्डन में होना था, लेकिन अब इसे चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में स्थानांतरित कर दिया गया है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews