ICC टेस्ट रैंकिंग में बड़ा बदलाव! भारत और इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में अब टॉप रैंकिंग के इन दो खिलाड़ी में होगी टक्कर

भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत से पहले दोनों टीमों के टॉप प्लेयर्स की ICC टेस्ट रैंकिंग सामने आ गई है। जहां इंग्लैंड की बैटिंग लाइन में जो रूट और हैरी ब्रूक टॉप पर हैं, वहीं भारत के पास जसप्रीत बुमराह जैसे नंबर वन गेंदबाज हैं। ये आंकड़े सीरीज के पहले ही माहौल को और गर्म कर रहे हैं।
ICC Test rankings

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले आईसीसी टेस्ट रैंकिंग ने दोनों टीमों की ताकत और कमजोरी को साफ कर दिया है। इंग्लैंड की टीम को जहां मजबूत बल्लेबाजी का सहारा है, वहीं भारत की गेंदबाजी लाइनअप बेहद दमदार नजर आ रही है। दोनों टीमें अपने-अपने अंदाज में तैयार हैं, लेकिन रैंकिंग के आंकड़े सीरीज के नतीजों पर भी असर डाल सकते हैं।

दरअसल आईसीसी टेस्ट बैटिंग रैंकिंग में इंग्लैंड के दो दिग्गज बल्लेबाज टॉप पर हैं। जो रूट इस वक्त नंबर 1 टेस्ट बल्लेबाज हैं, और उनके बाद हैरी ब्रूक नंबर 2 पर हैं। ये दोनों खिलाड़ी हाल के मैचों में शानदार फॉर्म में रहे हैं। भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल चौथे नंबर पर हैं, जिन्होंने कम वक्त में खुद को साबित किया है। इसके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत दसवें नंबर पर हैं, जो चोट से वापसी के बाद रफ्तार पकड़ने को तैयार हैं। इस लिस्ट में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे अनुभवी नाम फिलहाल बाहर हैं।

गेंदबाजी रैंकिंग में भारत का बोलबाला

वहीं आईसीसी टेस्ट बॉलिंग रैंकिंग में भारत की पकड़ काफी मजबूत है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस वक्त नंबर 1 गेंदबाज हैं। बुमराह की वापसी के बाद भारत की बॉलिंग यूनिट और भी खतरनाक हो गई है। उनके साथ रवींद्र जडेजा भी इस लिस्ट में 10वें स्थान पर हैं, जो टेस्ट क्रिकेट में अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं। दूसरी ओर, इंग्लैंड की गेंदबाजी के लिए चिंता की बात यह है कि उनके कोई भी गेंदबाज टॉप 10 में शामिल नहीं है। अनुभवी जेम्स एंडरसन ने संन्यास ले लिया है और वे रैंकिंग से बाहर हो चुके हैं। ये बात भारत के लिए बढ़त देने वाली हो सकती है, खासकर अगर पिच स्पिन और स्विंग को सपोर्ट करती है।

बल्लेबाजी बनाम गेंदबाजी की सीधी भिड़ंत

दरअसल इस सीरीज में मुकाबला सीधे बैटिंग बनाम बॉलिंग का दिख रहा है। इंग्लैंड की ताकत उसकी टॉप ऑर्डर बैटिंग है, जबकि भारत का ट्रंप कार्ड उसकी गेंदबाजी यूनिट है। शुभमन गिल के पास बतौर टेस्ट कप्तान खुद को साबित करने का मौका होगा, वहीं बेन स्टोक्स अपनी टीम को आक्रामक क्रिकेट से लीड करेंगे। इस सीरीज में वो खिलाड़ी भी कमाल दिखा सकते हैं, जो रैंकिंग में नहीं हैं जैसे मोहम्मद सिराज, मार्क वुड। रैंकिंग एक तरफ है, लेकिन असली टेस्ट तो मैदान पर होगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews