ICC Women world cup 2025 में आज 4 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच होगा मुकाबला, पॉइंट्स टेबल पर डालें नजर

आज आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका की टीम आमने-सामने होने वाली है। दोनों के बीच होने वाला यह मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक श्रीलंका जीत नहीं सका है। ऐसे में आज श्रीलंका अपनी पहली जीत की तलाश में रहेगा।
ICC Women world cup 2025

आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में आज महत्वपूर्ण मुकाबला खेला जाएगा। शनिवार को होने वाले इस मुकाबले में श्रीलंका के सामने ऑस्ट्रेलिया की चुनौती रहने वाली है। भारतीय समय अनुसार यह मुकाबला दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगा जबकि टॉस 2:30 बजे किया जाएगा। श्रीलंका को वर्ल्ड कप 2025 के इस टूर्नामेंट में अब तक एक भी जीत नहीं मिली है। बता दें कि पहले मुकाबले में श्रीलंका को भारत के हाथों 59 रन से हार का सामना करना पड़ा था।

वहीं दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया पर नजर डाली जाए तो ऑस्ट्रेलिया पहले ही इस टूर्नामेंट में एक मुकाबला जीत चुका है। डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पहले मैच में न्यूजीलैंड को 73 रनों से हराया था और प्वॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर जगह बनाई थी, जबकि श्रीलंका की टीम इस समय पांचवें नंबर पर मौजूद है। श्रीलंका ने एक में से एक मुकाबला हारा है और नेट रन रेट भी -1.255 चल रहा है।

प्वॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर आने की कोशिश करेगा ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया की बात की जाए तो ऑस्ट्रेलिया आज मुकाबला जीतकर प्वॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर आने की कोशिश करेगा। ऑस्ट्रेलिया का नेट रन रेट 1.780 है, लेकिन इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बड़ी जीत हासिल कर प्वॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर जगह बना ली है। इंग्लैंड की टीम का नेट रन रेट 3.73 है। इंग्लैंड ने हाल ही में साउथ अफ्रीका विमेंस टीम को 69 रनों पर ऑलआउट किया और 14 ओवर में ही 10 विकेट से मुकाबला जीत लिया। हैरानी की बात है कि श्रीलंका की टीम अब तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोई विमेंस वनडे नहीं जीत पाई है। लेकिन आज होने वाला मुकाबला कोलंबो के मैदान पर होगा, ऐसे में श्रीलंका की टीम होम ग्राउंड का फायदा उठाना चाहेगी।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें

वहीं दोनों टीमों के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डाली जाए तो अब तक श्रीलंका वूमेन और ऑस्ट्रेलिया विमेंस के बीच कुल 11 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 11 बार ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को हराया है। यानी श्रीलंका अब तक ऑस्ट्रेलिया के सामने एक भी मुकाबला नहीं जीत सका है। वर्ल्ड कप में भी दोनों टीमों के बीच चार मुकाबले खेले गए हैं, जिन्हें चारों में ऑस्ट्रेलिया ने जीता है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी इस समय शानदार फॉर्म से गुजर रहे हैं। पिछले ही मुकाबले में एश्ले गार्डनर ने नाबाद अर्धशतक जड़ा था, वहीं सोफी मोलीन्युक्स ने तीन विकेट चटकाए थे। ऐसी टीम के पास मजबूत खिलाड़ी मौजूद हैं।

आज बारिश कर सकती है परेशान

वहीं श्रीलंका पर नजर डाली जाए तो श्रीलंका की ओर से अब तक सबसे ज्यादा रन चमारी अटापट्टू के बल्ले से निकले हैं। चमारी अटापट्टू ने एक मैच में 43 रन बनाए हैं। जबकि विकेट के मामले में इनोका रणवीरा टॉप विकेट टेकर हैं, जिन्होंने एक मुकाबले में चार विकेट चटकाए हैं। आज होने वाले इस मुकाबले पर बारिश का खतरा भी मंडरा रहा है। आज कोलंबो का तापमान 31.02 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है और मैच के दौरान बारिश हो सकती है।

ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग 11

एलिसा हीली (कप्तान और विकेटकीपर), फीबी लिचफील्ड, एलिस पेरी, बेथ मूनी, एनाबेल सदरलैंड, एश्ले गार्डनर, ताहलिया मैक्ग्रा, सोफी मोलीन्युक्स, अलाना किंग, किम गर्थ, डार्सी ब्राउन।

श्रीलंका की संभावित प्लेइंग 11

चमारी अटापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, विश्मी गुणारत्ने, कविशा दिलहारी, निलाक्षी डी सिल्वा, अनुष्का संजीवनी (विकेटकीपर), अचिनी कुलसूरिया, सुगंधिका कुमारी, उद्देशिका प्रबोधिनी, इनोका रणवीरा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews