IND vs NZ T20: भारत ने न्यूजीलैंड को 48 रन से हराया, सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई, अभिषेक शर्मा ने बनाए 84 रन

नागपुर में खेले गए पहले T20 मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 48 रनों से हरा दिया है। अभिषेक शर्मा के शानदार 84 रनों की बदौलत भारत ने 238 रनों का विशाल स्कोर बनाया, जिसके जवाब में कीवी टीम 190 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
IND vs NZ T20: भारत ने न्यूजीलैंड को 48 रन से हराया, सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई, अभिषेक शर्मा ने बनाए 84 रन

भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ T20 सीरीज का शानदार आगाज किया है। बुधवार को नागपुर के VCA स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 48 रनों से मात देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। भारत की जीत के हीरो युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा रहे, जिन्होंने 84 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनके अलावा गेंदबाजों ने भी दमदार प्रदर्शन किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 238 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में ग्लेन फिलिप्स की 78 रनों की जुझारू पारी के बावजूद कीवी टीम 190 रन पर ही सिमट गई।

अभिषेक का तूफान, भारत ने बनाया रिकॉर्ड स्कोर

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ शुरुआत की। उन्होंने अपनी 84 रनों की पारी के दौरान कई आकर्षक शॉट लगाए और T20 क्रिकेट में अपने 5 हजार रन भी पूरे किए। उन्हें रिंकू सिंह (44), कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) और हार्दिक पंड्या (25) का अच्छा साथ मिला। इस पारी के दौरान भारतीय बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली बार एक मैच में 14 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया। हालांकि, कप्तान सूर्या लगातार 23वीं पारी में अर्धशतक बनाने से चूक गए। न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी और काइल जैमिसन सबसे सफल गेंदबाज रहे, दोनों ने 2-2 विकेट लिए।

फिलिप्स की पारी गई बेकार, भारतीय गेंदबाजों का दबदबा

239 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि, ग्लेन फिलिप्स ने एक छोर संभाले रखा और 78 रनों की शानदार पारी खेली। उन्हें मार्क चैपमन (39) का कुछ देर साथ मिला, लेकिन यह नाकाफी साबित हुआ। भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट चटकाए। वहीं, अर्शदीप सिंह, हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली। भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के आगे कीवी बल्लेबाज टिक नहीं सके।

अक्षर पटेल हुए चोटिल, बढ़ी टीम की चिंता

मैच के दौरान टीम इंडिया के लिए एक चिंताजनक खबर भी सामने आई। 16वें ओवर में उप-कप्तान अक्षर पटेल अपनी ही गेंद पर चोटिल हो गए। डेरिल मिचेल के एक तेज शॉट को रोकने की कोशिश में गेंद उनकी उस उंगली पर जा लगी, जिससे वे स्पिन कराते हैं। दर्द के कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा और उनका ओवर अभिषेक शर्मा ने पूरा किया। वर्ल्ड कप टीम के उप-कप्तान होने के नाते उनकी चोट टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय है।

दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा T20 मुकाबला 23 जनवरी को रायपुर में खेला जाएगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews