IND vs NZ: दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने भारत को 7 विकेट से हराया, सीरीज 1-1 से बराबर, इंदौर में खेला जाएगा आखिरी मुकबला

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को सात विकेट से हरा दिया है और सीरीज बराबर कर ली है। न्यूजीलैंड की ओर से डैरिल मिचेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शतक लगाया है और टीम को जीत दिलाई है।
IND vs NZ: दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने भारत को 7 विकेट से हराया, सीरीज 1-1 से बराबर, इंदौर में खेला जाएगा आखिरी मुकबला

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। पहले मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को हराया था, वहीं अब दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम ने भारत को 7 विकेट से हरा दिया है और सीरीज बराबर कर ली है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला निरंजन शाह क्रिकेट स्टेडियम, राजकोट में खेला गया। मुकाबले में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 284 रन बनाए। भारत 300 रन का आंकड़ा नहीं छू सका और न्यूजीलैंड की टीम ने 285 रनों के लक्ष्य को केवल 47.3 ओवर में हासिल कर लिया। न्यूजीलैंड ने 7 विकेट से जीत दर्ज कर ली।

वहीं इस मुकाबले में भारत की ओर से केएल राहुल ने शानदार प्रदर्शन किया। केएल राहुल ने 112 रनों की नाबाद पारी खेली और भारत को 284 रनों के स्कोर तक पहुंचाया। वहीं शुभमन गिल ने भी अर्धशतक लगाया, हालांकि वह अपनी पारी को शतक में तब्दील नहीं कर पाए।

शुभमन गिल ने 53 गेंदों में 56 रनों की पारी खेली

पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की ओर से रोहित शर्मा और शुभमन गिल सलामी बल्लेबाज के तौर पर मैदान पर उतरे थे। भारत की पारी की शुरुआत शानदार रही और टीम ने 70 रनों तक कोई विकेट नहीं गंवाया। हालांकि रोहित शर्मा 24 रन बनाकर क्रिश्चियन क्लार्क का शिकार बन गए, लेकिन शुभमन गिल ने पारी को संभाले रखा। शुभमन गिल ने 53 गेंदों में 56 रनों की पारी खेली, इस दौरान उन्होंने नौ चौके और एक छक्का लगाया।

केएल राहुल ने 92 गेंदों में 112 रन बनाए

हालांकि आज विराट कोहली का बल्ला शांत रहा। विराट कोहली ने केवल 29 गेंदों में 23 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके लगाए और 79.31 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। श्रेयस अय्यर भी आज केवल 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद केएल राहुल ने पारी को संभाला। केएल राहुल ने 92 गेंदों में 112 रन बनाए। राहुल के बल्ले से 11 चौके और एक शानदार छक्का निकला। वहीं रवींद्र जडेजा ने 44 गेंदों में 27 रनों की पारी खेली और नीतीश कुमार रेड्डी ने 21 गेंदों में 20 रन बनाए, जिसके चलते भारतीय क्रिकेट टीम 50 ओवर में 284 रनों के स्कोर तक पहुंच गई।

डैरिल मिचेल ने 117 गेंदों में 131 रनों की नाबाद पारी खेली

वहीं इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की ओर से डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स मैदान में उतरे। न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने केवल 22 रनों के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया, जबकि 46 के स्कोर पर दूसरा विकेट भी गिर गया। इसके बाद विल यंग और डैरिल मिचेल ने भारतीय गेंदबाजों को खूब परेशान किया और न्यूजीलैंड को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। डैरिल मिचेल ने 117 गेंदों में 131 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्होंने 11 चौके और दो छक्के लगाए। वहीं विल यंग ने 98 गेंदों में 87 रनों की पारी खेली, जिसमें सात चौके शामिल रहे। अंत में ग्लेन फिलिप्स ने 25 गेंदों में 32 रनों की पारी खेली, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल रहा। न्यूजीलैंड ने यह मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। बता दें कि सीरीज का अंतिम मुकाबला 18 जनवरी को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews