
इस मुकाबले को शायद आप भी नहीं भूले होंगे। 2010 के एशिया कप के मुकाबले में दोनों खिलाड़ी आमने-सामने आ गए थे। मुकाबला दांबुला में खेला जा रहा था, जहां शोएब अख्तर और हरभजन सिंह के बीच तीखी झड़प देखने को मिली थी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम ने 267 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और मुकाबला आखिरी ओवर तक पहुंच गया।
आखिरी ओवर में हरभजन सिंह और शोएब अख्तर के बीच तीखी बहस हो गई। इसके बाद अंपायर को दोनों के बीच में आना पड़ा। बता दें कि हरभजन सिंह ने 47वें ओवर में शोएब अख्तर की गेंद पर छक्का लगाया था, जिसके चलते आखिरी ओवर में यह तनाव और बढ़ गया था।
एशिया कप 2022 का मुकाबला
एशिया कप 2022 का मुकाबला आज भी कोई नहीं भूला होगा। दरअसल इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली थी। सुपर-4 में खेले गए इस मुकाबले में एक कैच ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। 4 सितंबर 2022 को दुबई क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप के भारत और पाकिस्तान के मुकाबले में पाकिस्तान ने जीत हासिल की थी। 18वें ओवर में जब अर्शदीप सिंह ने आसिफ अली का कैच छोड़ा तो मैच भारत के हाथ से निकल गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर अर्शदीप सिंह को बुरी तरह से ट्रोल किया गया था।
विराट कोहली की ऐतिहासिक पारी
विराट कोहली की ऐतिहासिक पारी को आज भी लोग नहीं भूले हैं, जो उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ खेली थी। साल 2012 के एशिया कप के वनडे मुकाबले में विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ 183 रन बनाए थे। बता दें कि पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 330 रनों का लक्ष्य दिया था। इसके जवाब में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही थी। गौतम गंभीर बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए थे। लेकिन इसके बाद विराट कोहली ने पाकिस्तान की गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने 148 गेंदों में 183 रनों का विशाल स्कोर बनाया और भारत को जीत दिलाई।
साल 2014 का एशिया कप
साल 2014 के एशिया कप को भारत आज तक नहीं भूल पाया है। इस टूर्नामेंट में भारत को पाकिस्तान के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। भारत ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी ने भारत के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर मैच जिता दिया था। वक्त था आखिरी ओवर का जब आर. अश्विन गेंदबाजी कर रहे थे और सामने शाहिद अफरीदी थे। पाकिस्तान को आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रनों की जरूरत थी। उस दौरान विराट कोहली टीम की कप्तानी कर रहे थे और उन्होंने आर. अश्विन को गेंदबाजी सौंपी थी। हालांकि मैच में आर. अश्विन तीन विकेट ले चुके थे। अश्विन ने ओवर की पहली गेंद पर भी एक विकेट लिया, लेकिन शाहिद अफरीदी ने बाकी दो गेंदों पर लगातार छक्के लगाकर टीम को जीत दिला दी थी।
हार्दिक पांड्या की यादगार पारी
हार्दिक पांड्या ने पाकिस्तान के खिलाफ कई बड़े मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया है। 2022 के एशिया कप के T20 फॉर्मेट में पाकिस्तान के खिलाफ हार्दिक पांड्या का बल्ला जमकर बोला था। पाकिस्तान ने भारत को जीत के लिए 148 रनों का लक्ष्य दिया था। दुबई में खेले गए इस मुकाबले में भारत की शुरुआत ठीक नहीं रही थी। लेकिन आखिरी ओवर में हार्दिक पांड्या ने कमाल कर दिया था। 20वें ओवर में भारत को जीत के लिए 7 रनों की जरूरत थी और हार्दिक पांड्या ने छक्का लगाते हुए भारत को जीत दिलाई थी।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

