कप्तान शुभमन गिल का एक और शतक, रन आउट ने तोड़ा यशस्वी जायसवाल का सपना, जानिए लेटेस्ट स्कोर

भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में दूसरा दिन भारत के लिए अच्छा गुजर रहा है। हालांकि यशस्वी जायसवाल दोहरा शतक बनाने से चूक गए, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी भी अर्धशतक पूरा नहीं कर सके। लेकिन भारत ने खबर लिखे जाने तक 461 रन बना लिए हैं और अपने चार विकेट गंवा दिए हैं।
कप्तान शुभमन गिल का एक और शतक, रन आउट ने तोड़ा यशस्वी जायसवाल का सपना, भारत 480 पर 4

भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जा रही है, जिसका दूसरा मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय किया था। पहले दिन भारत ने कमाल की बल्लेबाजी की और 320 से ज्यादा का स्कोर बनाया, हालांकि भारत ने केवल अपने दो ही विकेट गंवाए थे। जबकि दूसरे दिन की शुरुआत भारत के लिए निराशाजनक रही। बता दें कि 92वें ओवर में ही भारत ने यशस्वी जायसवाल का बड़ा विकेट गंवा दिया। जायसवाल 175 के स्कोर पर आउट हो गए और दोहरा शतक बनाने से चूक गए।

दरअसल, यशस्वी जायसवाल ने 258 गेंदों का सामना किया और 19 चौकों के साथ 175 रन बनाए। हालांकि वह रन आउट हो गए, जिससे मैदान में भी मायूसी छा गई। इसके बाद क्रीज पर आए नीतीश कुमार रेड्डी भी ज्यादा समय तक बल्लेबाजी नहीं कर सके। नीतीश कुमार रेड्डी ने कुल 54 गेंदों का सामना किया और 43 रन बनाकर आउट हो गए। नीतीश कुमार ने 4 चौके और 2 शानदार छक्के लगाए।

कप्तान शुभमन गिल का शतक

वहीं भारत की पहली पारी भी शानदार रही है। कप्तान शुभमन गिल शतक बनाने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। शुभमन ने खबर लिखे जाने तक कुल 162 गेंदों का सामना कर 87 रन बना लिए थे, जबकि क्रीज पर उनके साथ ध्रुव जुरेल डटे हुए हैं। ध्रुव जुरेल ने 57 गेंदों में 29 रन बनाए हैं। भारत 461 रन के स्कोर तक पहुंच चुका है। देखना होगा कि अब भारतीय टीम पहली पारी में कितना बड़ा स्कोर बनाती है। पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए तीसरे दिन ही मुकाबला खत्म कर दिया था। अब एक बार फिर भारतीय टीम बड़ा स्कोर बनाकर वेस्टइंडीज पर दबाव बनाने की कोशिश करेगी। भारत ने पहले टेस्ट मैच में न सिर्फ रनों के अंतर से, बल्कि पारी से भी जीत दर्ज की थी।

वेस्टइंडीज ने कुल 6 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया

वेस्टइंडीज के गेंदबाजी यूनिट पर नजर डाली जाए तो अब तक वेस्टइंडीज ने कुल 6 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया है। हालांकि विकेट लेने में सिर्फ एक ही गेंदबाज को सफलता मिली है। वेस्टइंडीज के जोमेल वारिकन ने तीन विकेट हासिल किए हैं, जबकि एक बल्लेबाज रन आउट हुआ है। वारिकन ने केएल राहुल, साई सुदर्शन और नीतीश कुमार रेड्डी को आउट किया है, जबकि कोई और गेंदबाज भारत के बल्लेबाजों को परेशान नहीं कर पाया। भारत ने अब दूसरे मुकाबले में भी मजबूत पकड़ बना ली है, जबकि वेस्टइंडीज लगातार पांचवां मुकाबला हारने की कगार पर पहुंच गई है।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11:

भारत: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

वेस्टइंडीज: तेगनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैंपबेल, एलिक एथनाज, रोस्टन चेज़ (कप्तान), शाई होप, टेविन इमलाक (विकेटकीपर), जस्टिन ग्रीव्स, खैरी पीयर, जोमेल वारिकन, एंडरसन फिलिप, जैडन सील्स।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews