
आज से भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज शुरू हो रही है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा। दोनों टीमें इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। सबसे बड़ी चुनौती भारतीय कप्तान शुभमन गिल के सामने होगी। शुभमन गिल के लिए बतौर कप्तान यह पहली घरेलू टेस्ट सीरीज होने वाली है। इसके अलावा अहमदाबाद का स्टेडियम उनका घरेलू स्टेडियम भी है। बता दें कि आईपीएल में वह गुजरात टाइटंस की टीम के लिए खेलते हैं, ऐसे में उन्हें घरेलू मैदान का फायदा भी मिलेगा। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ हुई सीरीज में शुभमन गिल ने 2-2 से बराबरी करवाई थी। भारत टेस्ट क्रिकेट में लगातार नए आयाम छू रहा है और अब वेस्टइंडीज को हराकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के सर्कल में भी आगे बढ़ने की कोशिश करेगा।
आज होने वाला यह मुकाबला भारतीय समय अनुसार सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा। वहीं वेस्टइंडीज की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। शुरुआती 2 से 3 दिन बल्लेबाजी में मदद मिलती है, इसमें वेस्टइंडीज को फायदा उठाकर बड़ा स्कोर बनाना चाहिए। हालांकि भारत के पास मजबूत तेज गेंदबाज हैं, जो वेस्टइंडीज की टीम को परेशान कर सकते हैं।
31 साल में ऐसा कभी नहीं हुआ
बता दें कि पिछले 31 साल में ऐसा कभी नहीं हुआ जब वेस्टइंडीज की टीम ने भारत को घर में टेस्ट सीरीज हराई हो। हालांकि इस समय वेस्टइंडीज की टीम ट्रांजिशन से गुजर रही है। हाल ही में घरेलू टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज की टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मात्र 27 रनों पर सिमट गई थी और ऑस्ट्रेलिया ने 3-0 से जीत हासिल की थी। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अलजारी जोसेफ और शमार जोसेफ दोनों ही टीम से बाहर चल रहे हैं। भारतीय टीम के आगे उनकी गेंदबाजी बेहद कमजोर मानी जा रही है। हाल ही में वेस्टइंडीज को नेपाल के खिलाफ भी टी20 सीरीज गंवानी पड़ी थी। ऐसे में यह वेस्टइंडीज क्रिकेट के लिए बुरा दौर माना जा रहा है।
आखिरी बार 1994 में मोहाली में मिली थी जीत
इतिहास पर नजर डाली जाए तो वेस्टइंडीज की टीम ने 31 साल में भारत में कोई भी टेस्ट मैच नहीं जीता है। आखिरी बार 1994 में मोहाली के मैदान पर वेस्टइंडीज ने भारत को टेस्ट मुकाबले में हराया था और आखिरी टेस्ट सीरीज वेस्टइंडीज को 1983 में जीत मिली थी। तब से वेस्टइंडीज भारत में टेस्ट सीरीज जीतने के लिए तरस रहा है और टेस्ट मैच जीतने की कोशिश कर रहा है। हालांकि भारतीय टीम टेस्ट में हमेशा से मजबूत रही है, लेकिन वेस्टइंडीज के पास धारदार गेंदबाज रहे हैं। फिलहाल वेस्टइंडीज गेंदबाजी में भी कमजोर नजर आ रहा है।
स्टेडियम की पिच लाल मिट्टी से बनी हुई
आज होने वाला मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर होगा। बता दें कि इस स्टेडियम की पिच लाल मिट्टी से बनी हुई है, जो जल्दी सूख जाती है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को अच्छा बाउंस और मदद मिलती है, लेकिन रन बनाना भी आसान होता है। जैसे-जैसे दिन बढ़ने लगता है, पिच टूटने लगती है जिससे स्पिनर्स को मदद मिलना शुरू हो जाती है और बल्लेबाजी करना मुश्किल हो जाता है। इस बार न सिर्फ लाल मिट्टी की पिच है बल्कि इस पर घास भी है, जिसके चलते तेज गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिलने की संभावना है।
भारत की प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुबमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रित बुमरा, मोहम्मद सिराज
वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन
टेगेनरीन चंद्रपॉल, जॉन कैंपबेल, एलिक अथानाज़े, ब्रैंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर), रोस्टन चेज़ (कप्तान), जस्टिन ग्रीव्स, जोमेल वारिकन, खैरी पियरे, जोहान लेने, जेडन सील्स
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

