
भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच इस समय दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जा रही है। पहला मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया था। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 532 रन बनाए और 6 विकेट के नुकसान पर पारी घोषित कर दी तथा भारत को बल्लेबाजी का मौका दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा रन फिलिप ने बनाए। फिलिप ने 87 गेंदों पर 123 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, वहीं सैम कोंस्टास ने भी 109 रनों की शानदार पारी खेली।
इनके अलावा कैंपबेल केलावे ने 88 रन, कूपर कोनोली ने 70 रन और लियाम स्कॉट ने 81 रनों की पारी खेली और ऑस्ट्रेलिया को 532 रनों के स्कोर तक पहुंचा दिया। हालांकि भारतीय टीम की ओर से भी अब तक शानदार प्रदर्शन किया गया है।
टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में
दरअसल भारत ए की टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में है। अब तक श्रेयस अय्यर मैदान पर बल्लेबाजी करने नहीं उतरे हैं। दूसरे दिन के अंत तक भारत ने 116 रन बना लिए थे और अपना एक महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिया था। दरअसल अभिमन्यु ईश्वरन 44 के स्कोर पर लियाम स्कॉट का शिकार बने। हालांकि एन. जगदीशन ने नाबाद 50 रनों की पारी खेली है और साई सुदर्शन भी 20 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। बल्लेबाजी के लिए श्रेयस अय्यर, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल और तनुश कोटियन जैसे खिलाड़ी बाकी हैं। भारत फिलहाल ऑस्ट्रेलिया से 416 रन पीछे है। तीसरे दिन का खेल आउटफील्ड गीला होने के कारण देरी से शुरू होगा। देखना होगा कि क्या भारत ए की टीम ऑस्ट्रेलिया ए से मुकाबला जीत पाती है।
532 रनों का विशाल स्कोर
अब तक ऑस्ट्रेलिया की ओर से शानदार प्रदर्शन किया गया है। 532 रनों का विशाल स्कोर किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होता। गेंदबाजी पर नजर डाली जाए तो भारत के हर्ष दुबे ने तीन विकेट और गुरनूर बराड़ ने दो सफलता हासिल की, जबकि ऑस्ट्रेलिया की ओर से फिलहाल लियाम स्कॉट को एक विकेट मिला है। सभी की निगाहें श्रेयस अय्यर, देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन जैसे खिलाड़ियों पर टिकी हैं। दरअसल हाल ही में वेस्टइंडीज ने अपनी टीम का ऐलान किया है, ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए इन खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया जा सकता है।
भारत ए की प्लेइंग 11
अभिमन्यु ईश्वरन, साई सुदर्शन, एन. जगदीशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), तनुश कोटियन, हर्ष दुबे, प्रसिद्ध कृष्णा, खलील अहमद, गुरनूर बराड़
ऑस्ट्रेलिया ए की प्लेइंग 11
सैम कोंस्टास, कैंपबेल केलावे, नाथन मैकस्वीनी (कप्तान), ओलिवर पीक, जोश फिलिप (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, लियाम स्कॉट, जेवियर बार्टलेट, फर्गस ओ’नील, कोरी रोचिचियोली, टॉड मर्फी
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

