सिडनी टेस्ट में हार की कगार पर भारत, क्या वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने का सपना टूटेगा?

भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की सीरीज में भारत हार की कगार पर नजर आ रहा है। तीसरे दिन लंच तक ऑस्ट्रेलिया ने 71 रन बना लिए थे और उसे जीत के लिए अब मात्र 91 रनों की जरूरत है।
सिडनी टेस्ट में हार की कगार पर भारत, क्या वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने का सपना टूटेगा?

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच में भारत मुश्किल स्थिति में नजर आ रहा है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन लंच तक 71 रन बना लिए थे, हालांकि उसके तीन विकेट गिर चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए अब मात्र 91 रनों की जरूरत है।

दरअसल, भारत की दूसरी पारी मात्र 157 रनों पर सिमट गई, जिससे उसने ऑस्ट्रेलिया को 161 रनों का लक्ष्य दिया। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने संभली हुई बल्लेबाजी की, हालांकि उसने अपने तीन बड़े बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए हैं।

ऑस्ट्रेलिया आसानी से हासिल कर रहा लक्ष्य

भारत की दूसरी पारी में ऋषभ पंत के अलावा कोई भी बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका। ऋषभ पंत ने 33 गेंदों में 61 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें उन्होंने छह चौके और चार छक्के लगाए। हालांकि, उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज भारत को मजबूत स्कोर बनाने में मदद नहीं कर सका। यशस्वी जायसवाल ने 22 रन बनाए, जबकि रविंद्र जडेजा मात्र 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उम्मीद थी कि वाशिंगटन सुंदर भारत को बड़ा लक्ष्य देने में मदद करेंगे, लेकिन सुंदर मात्र 12 रन बनाकर पैट कमिंस का शिकार हो गए। जिसके चलते, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 161 रनों का लक्ष्य दिया, जिसे ऑस्ट्रेलिया आसानी से हासिल करता हुआ नजर आ रहा है।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में पहुंचने का सपना टूटेगा

भारत के हाथों से अब बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की सीरीज फिसलती हुई दिख रही है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया इस सीरीज में 2-1 से आगे है। अगर वह सिडनी में खेले जा रहे इस टेस्ट मैच को जीत जाता है, तो ऑस्ट्रेलिया यह सीरीज 3-1 से अपने नाम कर लेगा और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच जाएगा। वहीं, भारत की हार के साथ ही उसका वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में पहुंचने का सपना टूट जाएगा। अब तक इस सीरीज में कुल चार मुकाबले खेले जा चुके हैं। पहले मैच में भारतीय टीम ने जीत हासिल की थी, जबकि दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 10 विकेट से हराया था। गाबा में खेला गया तीसरा टेस्ट मैच दोनों टीमों के बीच ड्रॉ रहा था और मेलबर्न में खेले गए चौथे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 184 रनों से हराया था। अब पांचवें मुकाबले में भी ऑस्ट्रेलिया मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews