
आज चैंपियंस ट्रॉफी में भारत और बांग्लादेश की टीमें आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम इस मुकाबले के साथ चैंपियंस ट्रॉफी में अपने अभियान की शुरुआत करेगी और पहले ही मैच में जीत हासिल कर टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत करना चाहेगी। यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच दोपहर 2:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 2:00 बजे किया जाएगा।
चैंपियंस ट्रॉफी में हर मैच जीतना लगभग जरूरी होता है, क्योंकि भारतीय टीम को पाकिस्तान, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड की टीमों से भिड़ना है। ऐसे में आज भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ जीत हासिल कर नॉकआउट स्टेज की ओर अपने कदम बढ़ाने की कोशिश करेगी।
दोनों टीमों के बीच 41 मुकाबले खेले जा चुके हैं
बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय टीम का रिकॉर्ड शानदार रहा है। अब तक दोनों टीमों के बीच 41 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें से 32 मैच भारत ने जीते हैं, जबकि 8 मुकाबलों में बांग्लादेश को जीत मिली है। वहीं, एक मैच बेनतीजा रहा था। आईसीसी के बड़े टूर्नामेंट में आखिरी बार दोनों टीमें 2023 वनडे वर्ल्ड कप में आमने-सामने हुई थीं, जहां भारत ने 7 विकेट से जीत दर्ज की थी। अगर भारतीय टीम आज भी जीत हासिल करती है, तो बांग्लादेश के खिलाफ उसका दबदबा और मजबूत हो जाएगा। भारत की कमान रोहित शर्मा के हाथों में होगी, जबकि बांग्लादेश की टीम की कप्तानी नजमुल हुसैन शंटो कर रहे हैं। बांग्लादेश की टीम में मुस्तफिजुर रहमान और तस्कीन अहमद जैसे शानदार तेज गेंदबाज शामिल हैं।
यहां जानिए पिच रिपोर्ट और वेदर कंडीशन
आज का मुकाबला दुबई के मैदान पर खेला जाएगा। अगर पिच रिपोर्ट पर नजर डालें तो यह पिच पहले की तुलना में अब तेज गेंदबाजों के लिए अधिक मददगार साबित हो रही है। इसके अलावा, स्पिनरों को भी यहां से अच्छी सहायता मिलेगी। इस मैदान पर दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम का रिकॉर्ड बेहतर रहा है, ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती है। दुबई के इस मैदान पर अब तक 58 वनडे मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें से 22 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 34 मैच दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने अपने नाम किए हैं। आज होने वाले इस मुकाबले में बारिश खलल डाल सकती है। दरअसल, दुबई में 20 फरवरी को 55% बारिश की संभावना जताई गई है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

