
कोलंबो में भारत और श्रीलंका XI के बीच खेले जा रहे तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच के दूसरे दिन का अंत गुरनूर बरार की तूफानी बल्लेबाजी के साथ हुआ। दरअसल दिन का आखिरी ओवर श्रीलंकाई स्पिनर दिलम सुदीरा तिलकरत्ने ने किया और बरार ने इसी ओवर में चार छक्के जड़कर मुकाबले का माहौल बदल दिया। बरार ने 18 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा। भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक 357/8 का स्कोर बना लिया था और श्रीलंका XI के 363/8 के जवाब में सिर्फ 6 रन पीछे था।
दरअसल तिलकरत्ने के आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर बरार ने डीप मिड-विकेट के ऊपर से जोरदार छक्का लगाया। अगली गेंद पर उन्होंने स्टंप्स के पार जाकर गेंदबाज के ऊपर से बड़ा शॉट खेला। चौथी गेंद पर कोई रन नहीं आया, लेकिन इसके बाद बरार ने लगातार दो गेंदों पर फिर छक्के जड़ दिए। खास बात यह रही कि पांचवीं गेंद पर उन्होंने फ्रंट लेग हटाकर मिड-विकेट के ऊपर से लंबा शॉट लगाया, जबकि आखिरी गेंद को आगे बढ़कर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से भेज दिया। इस ओवर में चार छक्कों ने उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की झलक साफ दिखा दी।
बरार के छक्के देख मुस्कुराए कोच गंभीर
वहीं गुरनूर बरार के आखिरी गेंद वाले शॉट ने ड्रेसिंग रूम के पास खड़े भारतीय खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का ध्यान खींचा। शॉट देखने के बाद हेड कोच गौतम गंभीर के चेहरे पर मुस्कान नजर आई और उन्होंने तालियां बजाकर बरार के प्रयास की सराहना की। उनके पास रविंद्र जडेजा भी खड़े थे। इस पूरे पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया है।
दरअसल बरार की यह पारी इसलिए भी खास रही क्योंकि वह मूल रूप से तेज गेंदबाज हैं और टेस्ट टीम में बल्लेबाजी के लिहाज से उनकी भूमिका निचले क्रम की है। ऐसे में 18 गेंदों पर 36 रन बनाना टीम के लिए अतिरिक्त बल्लेबाजी विकल्प का संकेत देता है। हालांकि सिर्फ वॉर्म-अप मैच की एक छोटी पारी के आधार पर टेस्ट प्लेइंग इलेवन में जगह तय नहीं होती, लेकिन टीम मैनेजमेंट के लिए ऐसे प्रदर्शन निश्चित तौर पर उपयोगी होते हैं। बरार पहले भी घरेलू और भारत ए स्तर पर गेंद से प्रभाव छोड़ चुके हैं।
GURNOOR BRAR SMASHED 6,6,0,6,6 IN THE FINAL OVER…!!!!
– Gambhir & Jadeja enjoying the batting of Gurnoor ❤️😂 pic.twitter.com/eLTX2jaWYv
— Johns. (@CricCrazyJohns) August 8, 2026
देवदत्त पडिक्कल ने भी जमाया शतक
दरअसल भारत की पारी में सबसे बड़ा योगदान देवदत्त पडिक्कल का रहा। उन्होंने नाबाद 142 रन बनाए और अपनी पारी में 18 चौके लगाए। उनके साथ अलग-अलग बल्लेबाजों ने उपयोगी पारियां खेलीं। केएल राहुल ने 40 रन बनाए, जबकि रविंद्र जडेजा 63 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। मानव सुथार ने भी 41 रन का योगदान दिया। भारत की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल दूसरी ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद राहुल और पडिक्कल ने पारी को संभाला और दोनों के बीच 95 रन की साझेदारी हुई। ऋषभ पंत सिर्फ 2 रन और ध्रुव जुरेल 1 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद निचले क्रम से मिले योगदान ने भारत को श्रीलंका XI के स्कोर के करीब पहुंचा दिया। दिन का खेल खत्म होने पर भारत 357/8 पर था।
बता दें कि भारत के लिए यह मुकाबला सिर्फ अभ्यास मैच नहीं है, बल्कि श्रीलंका की परिस्थितियों को समझने का मौका भी है। तीन दिन के इस मुकाबले के बाद भारतीय टीम दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए तैयारी पूरी करेगी। पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेला जाना है। वॉर्म-अप मैच में बल्लेबाजों को ज्यादा समय क्रीज पर बिताने का मौका मिल रहा है, वहीं गेंदबाजों के लिए स्थानीय पिच और परिस्थितियों को समझना अहम है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

