अगर रिजर्व-डे पर भी हो गई बारिश और रद्द हुआ IPL 2025 का फाइनल तो क्या होगा? इस टीम को माना जाएगा विजेता

RCB और पंजाब किंग्स के बीच IPL 2025 के फाइनल से पहले अहमदाबाद के मौसम ने चिंता बढ़ा दी है। अगर फाइनल बारिश से रद्द हुआ, तो किस टीम को खिताब मिलेगा? क्या रिजर्व-डे रखा गया है? फैंस के लिए ये जानना बेहद जरूरी है क्योंकि इस बार कोई नई टीम IPL जीतने जा रही है।
IPL 2025

आईपीएल 2025 का फाइनल मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। लेकिन इससे पहले मौसम ने फैंस और दोनों टीमों की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, अहमदाबाद में दोपहर के वक्त बारिश की 66% संभावना है। बस इस वजह से मैच में देरी या रद्द होने का खतरा बना हुआ है।

हालांकि बीसीसीआई ने इससे निपटने के लिए कुछ अहम इंतजाम किए हैं, जैसे रिजर्व-डे और अतिरिक्त 2 घंटे का समय भी रखा गया है। लेकिन अगर हालात बिगड़ते हैं, तो फाइनल का नतीजा मैदान में नहीं, बल्कि पॉइंट्स टेबल के आधार पर तय होगा।

IPL फाइनल 2025 के नियम क्या कहते हैं?

दरअसल अगर 3 जून को बारिश नहीं रुकती और फाइनल पूरा नहीं हो पाता है, तो इसे 4 जून को रिजर्व-डे पर कराया जाएगा। BCCI के नियमों के मुताबिक, रिजर्व-डे पर भी अगर मैच नहीं हो पाया, तो फिर दोनों टीमों की लीग स्टेज की स्थिति देखी जाएगी। जानकारी दे दें कि पंजाब किंग्स ने लीग स्टेज में 14 में से 9 मुकाबले जीते थे और नेट रनरेट +0.372 था, जो उन्हें टेबल में टॉप पर ले गया। वहीं, RCB ने भी 9 मैच जीते, लेकिन उनका नेट रनरेट +0.301 रहा, यानी थोड़ा पीछे रह गए। इसीलिए अगर रिजर्व-डे पर भी फाइनल नहीं खेला गया, तो पंजाब किंग्स को विजेता घोषित कर दिया जाएगा।

RCB को अपनी किस्मत पर नहीं इसपर करना होगा भरोसा!

दरअसल ये नियम सुनने में भले ही चौंकाने वाला लग सकता है, लेकिन यही BCCI के तय मानदंड हैं। ऐसे में RCB को अपनी किस्मत के बजाय मौसम और मैदान पर भरोसा करना होगा। हालांकि RCB ने इस सीजन शानदार वापसी की है। क्वालीफायर-1 में पंजाब किंग्स को सिर्फ 101 रनों पर रोक कर, 10 ओवर में मैच जीत लिया था। उस जीत ने टीम का मनोबल बढ़ाया और पहली बार ट्रॉफी जीतने का सपना और भी मजबूत हो गया। दूसरी तरफ, पंजाब किंग्स ने क्वालीफायर-2 में मुंबई इंडियंस को हराकर फाइनल में जगह बनाई है। टीम का प्रदर्शन लीग राउंड में जरूर मजबूत था, लेकिन RCB के खिलाफ उनकी बैटिंग लड़खड़ा गई थी। ऐसे में अगर फाइनल मैदान में होता है, तो यह देखने लायक होगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews