आईपीएल 2026 में नहीं खेलेंगे फाफ डुप्लेसिस, अब PSL में खेलने का किया निर्णय

आईपीएल 2026 में साउथ अफ्रीका के दिग्गज खिलाड़ी फाफ डुप्लेसिस नजर नहीं आएंगे। दरअसल डुप्लेसिस का कहना है कि वह अब आईपीएल को छोड़कर पाकिस्तान सुपर लीग में खेलेंगे। चलिए जानते हैं आखिर डुप्लेसिस ने यह बड़ा निर्णय क्यों लिया।
फाफ डुप्लेसिस

आईपीएल में फाफ डुप्लेसिस 14 साल से खेल रहे हैं। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए लंबे समय तक क्रिकेट खेला और RCB की टीम की कप्तानी भी की। न सिर्फ इन दोनों टीमों के लिए बल्कि फाफ डुप्लेसिस दिल्ली कैपिटल्स के अलावा भी कई टीमों के लिए आईपीएल में खेल चुके हैं, लेकिन अब वह आईपीएल 2026 में नजर नहीं आएंगे। फाफ डुप्लेसिस ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी कि वह आईपीएल 2026 के लिए 16 दिसंबर को होने वाले मिनी ऑक्शन में हिस्सा नहीं लेंगे। अब उन्होंने आईपीएल को छोड़कर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 खेलने का निर्णय किया है।

सोशल मीडिया पोस्ट में फाफ डुप्लेसिस ने लिखा कि ‘आईपीएल में 14 साल खेलने के बाद मैंने यह फैसला किया है कि मैं इस बार ऑक्शन का हिस्सा नहीं बनूंगा। मेरे लिए यह बहुत बड़ा फैसला है।’ बता दें कि फाफ डुप्लेसिस की उम्र 41 साल हो चुकी है। आईपीएल के मिनी ऑक्शन से पहले यह दावा भी किया जा रहा था कि फाफ डुप्लेसिस को कोई टीम खरीदने से दूरी बना सकती है।

14 साल एक बहुत लंबा समय होता है: फाफ डुप्लेसिस

दरअसल फाफ डुप्लेसिस ने कहा कि ‘मैं अलग-अलग टीमों के लिए क्रिकेट खेला हूं और अलग-अलग खिलाड़ियों के साथ खेलने का सौभाग्य मिला है।’ बता दें कि फाफ डुप्लेसिस ने सबसे ज्यादा रन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए बनाए। डुप्लेसिस ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया। फाफ डुप्लेसिस ने आगे अपने स्टेटमेंट में कहा कि 14 साल एक बहुत लंबा समय होता है। इस दौरान मैंने जो भी हासिल किया है उस पर मुझे गर्व है। भारत का स्थान मेरे दिल में है और यह आईपीएल को अलविदा नहीं है, आप मुझे फिर से देखेंगे। इसी दौरान फाफ डुप्लेसिस ने कहा कि वह पाकिस्तान में होने वाले आदर सत्कार के लिए उत्साहित हैं, जिससे साफ होता है कि वह पाकिस्तान सुपर लीग में नजर आएंगे।

शानदार रहा IPL करियर

आईपीएल का उनका करियर बेहद शानदार रहा है। डुप्लेसिस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तानी भी की है। आरसीबी का फैन बेस बड़ा है, ऐसे में फाफ डुप्लेसिस को आईपीएल में बेहद पसंद किया जाता था। इसके अलावा उन्होंने पिछले सीजन दिल्ली कैपिटल्स की टीम की ओर से क्रिकेट खेला था। करियर पर नजर डालें तो डुप्लेसिस ने अब तक कुल 154 आईपीएल मुकाबले खेले हैं, जिनमें 4773 रन बनाए हैं। डुप्लेसिस का औसत करीब 39 रहा है। लंबे करियर के बाद अब डुप्लेसिस ने आईपीएल को अलविदा कहा है। अब डुप्लेसिस पाकिस्तान सुपर लीग में नजर आएंगे। फाफ डुप्लेसिस पहले भी पीएसएल की दो टीमों क्वेट्टा ग्लेडिएटर्स और पेशावर ज़ाल्मी के लिए खेल चुके हैं। हालांकि अब तक उन्होंने पीएसएल में कुल 6 मुकाबले खेले हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews