IPL 2026 में RCB नहीं खेलेगी होम ग्राउंड पर मैच? इन कारणों के चलते लिया जाएगा यह फैसला!

क्या रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम IPL 2026 में अपने होम ग्राउंड पर मुकाबला खेलेगी? दरअसल अभी तक एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम ने फिटनेस टेस्ट पास नहीं किया है। पिछले सीजन हुई घटना ने ग्राउंड पर बड़े सवाल खड़े किए थे। इसी के चलते आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 के मुकाबले इस मैदान पर नहीं करवाए गए थे।
RCB

IPL 2026 से पहले अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मुकाबले खेले जाएंगे या नहीं। बता दें कि बेंगलुरु का एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का होम ग्राउंड है। पिछले सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने ही आईपीएल का खिताब अपने नाम किया था। टीम मैनेजमेंट पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए गए थे। जानकारी दी गई कि आरसीबी की टीम ने आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में विक्ट्री परेड निकाली थी, लेकिन स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इसके बाद से ही इस स्टेडियम को बड़े आयोजनों के लिए असुरक्षित बताया गया है।

हाल ही में खेले गए विमेंस वनडे वर्ल्ड कप के दौरान भी जस्टिस डी. कुन्हा कमेटी ने इस ग्राउंड को असुरक्षित बताया था। ऐसे में अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या आईपीएल के मुकाबले इस मैदान पर खेले जाएंगे या नहीं। आईपीएल 2026 के मुकाबले कराने से पहले इस ग्राउंड को विशेषज्ञों से सुरक्षा मंजूरी और फिटनेस टेस्ट पास करवाना अनिवार्य होगा।

मैच नहीं करवाने के लिए ये बताए गए थे कारण

बता दें कि आईपीएल 2025 का फाइनल जीतने के बाद 4 जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने विक्ट्री परेड आयोजित की थी, जिसमें भगदड़ मच गई थी और 11 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। इस घटना के बाद जस्टिस जॉन माइकल डी. कुन्हा की अगुवाई में कमेटी ने कहा था कि स्टेडियम की मौजूदा संरचना बड़े आयोजनों के लिए पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। इस ग्राउंड के एंट्री और एग्जिट गेट पर्याप्त नहीं हैं और अगर ग्राउंड में आपात स्थिति आती है तो निकासी की अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली प्लानिंग मौजूद नहीं है। इसके अलावा जहां स्टेडियम मौजूद है, उसके आसपास की सड़कें भी बेहद भीड़भाड़ वाली हैं। ऐसे में जब भी कोई आपात स्थिति होती है, इसे संभालना मुश्किल हो जाता है। ग्राउंड में पार्किंग भी कम है, जिससे ट्रैफिक बढ़ जाता है और भीड़ नियंत्रण करना मुश्किल हो जाता है।

क्या IPL 2026 में मिलेंगे मुकाबले?

जानकारी दें कि इसी मानव भीड़ प्रबंधन समस्या के चलते ही हाल ही में हुए आईसीसी वूमेन्स वनडे वर्ल्ड कप के मुकाबले बेंगलुरु से हटाकर नवी मुंबई में शिफ्ट किए गए थे। अब इसी तरह का निर्णय आईपीएल 2026 को लेकर भी किया जा सकता है। अगर मैदान पूरे सुरक्षा मानकों को पूरा कर देता है, तब ही मुकाबले हो सकते हैं, लेकिन इसके लिए पहले फिटनेस टेस्ट पास करना होगा। जबकि कई रिपोर्ट्स की मानें तो आरसीबी को 2026 के लिए अपने घरेलू मुकाबले किसी और मैदान पर खेलने पड़ सकते हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि अगर बेंगलुरु के मैदान पर मुकाबले नहीं होते हैं तो किस मैदान को चुना जाएगा। दरअसल आईपीएल 2026 की शुरुआत 15 मार्च से होने की संभावना जताई जा रही है, वहीं इस बड़े टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जा सकता है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews