बांग्लादेश में IPL टेलीकास्ट और प्रमोशन पर लगा प्रतिबंध, मुस्तफिजुर रहमान को हटाए जाने पर युनूस सरकार ने उठाया बड़ा कदम

भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में आई खटास का असर अब खेल के मैदान पर भी नजर आने लगा है। 5 जनवरी 2026 को बांग्लादेश खेल मंत्रालय ने एक बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय ने इंडियन प्रीमियर लीग के टेलीकास्ट और प्रमोशन पर प्रतिबंध लगा दिया है।
IPL broadcast banned in Bangladesh

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 3 जनवरी 2026 (शनिवार) को भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के निर्देशों का पालन करते हुए बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया है। मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 से बाहर किए जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट में हलचल मच गई। इसके बाद बांग्लादेश सरकार के सलाहकार और युवा एवं खेल मंत्रालय का कार्यभार संभाल रहे आसिफ नजरुल ने 4 जनवरी को कहा कि अब बांग्लादेश क्रिकेट टीम 7 फरवरी 2026 से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए भारत नहीं जाएगी।

जानकारी अनुसार, मुस्तफिजुर को बाहर किए जाने से बांग्लादेश खेल मंत्रालय खफा है और इसे बांग्लादेश क्रिकेट और उसके खिलाड़ी की बेइज्जती के तौर पर देख रहा है। वहीं 5 जनवरी 2026 को बांग्लादेश सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। बांग्लादेश में इंडियन प्रीमियर लीग के टेलीकास्ट और प्रमोशन पर प्रतिबंध लगा दिया है। IPL को बैन करने के लिए देश के खेल मंत्रालय ने सूचना-प्रसारण मंत्रालय से अनुरोध किया था, जिसके एवज में ये फैसला लिया गया।

बांग्लादेश में IPL के प्रसारण पर लगा बैन

भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में आई खटास का असर अब खेल के मैदान पर भी नजर आने लगा है। बांग्लादेश की ओर से सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है​ कि इंडियन प्रीमियर लीग से जुड़े सभी प्रसारण, प्रमोशन और इवेंट कवरेज को तुरंत प्रभाव से रोक दिया गया है। यह रोक अगले आदेश तक जारी रहेगी। बयान में यह भी कहा गया कि यह फैसला जनहित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है और इसे सरकार की मंजूरी मिली है।

टी20 विश्व कप खेलने भारत नहीं आएगी बांग्लादेश की टीम

बांग्लादेश के कार्यवाहक खेल मंत्री आसिफ नजरूल ने रविवार को फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि वर्ल्ड कप खेलने के लिए बांग्लादेश की टीम भारत नहीं जाएगी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आज यह फैसला लिया है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड की हिंसक सांप्रदायिक नीति के संदर्भ में लिए गए इस फैसले का हम स्वागत करते हैं। मैंने बोर्ड से कहा है कि वह ICC के सामने अनुरोध करें कि बांग्लादेश क्रिकेट टीम के मैच श्रीलंका में कराए जाएं।

KKR ने रहमान को क्यों किया बाहर?

बता दें कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के बाद भारत में बांग्लादेश के खिलाफ आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में इस विरोध का असर IPL पर भी देखने को मिला। दरअसल बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने खरीदा था, जिसे लेकर टीम मालिक शाहरुख खान की जमकर आलोचना हुई। देश के कई धर्मगुरुओं और राजनेताओं ने शाहरुख खान पर जमकर निशाना साधा था और चेतावनी भी दी थी। जिसके बाद बीसीसीआई की ओर से कोलकाता नाइट राइडर्स को निर्देश दिया गया कि मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर किया जाए। इसके बाद कोलकाता ने यह फैसला लिया। अब बीसीसीआई KKR को मुस्तफिजुर के रिप्लेसमेंट की इजाजत देगा।

Image

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews