
आईपीएल 2025 की शुरुआत में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। 22 मार्च से इस टूर्नामेंट का आगाज किया जाएगा, लेकिन मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर नया अपडेट आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुमराह आईपीएल के शुरुआती मुकाबले मिस कर सकते हैं। खबरों की मानें तो वह शुरुआती दो हफ्तों तक मुंबई इंडियंस की टीम से नहीं जुड़ सकेंगे।
जसप्रीत बुमराह मुंबई इंडियंस के सबसे मजबूत गेंदबाजों में से एक हैं। ऐसे में उनके शुरुआती मुकाबलों में नहीं खेलने से टीम को परेशानी हो सकती है। हालांकि, मुंबई के पास बुमराह के अलावा भी कई बेहतरीन गेंदबाज हैं, लेकिन जसप्रीत बुमराह सबसे मुख्य गेंदबाजों में से एक है।
कितने मुकाबले नहीं खेलेंगे जसप्रीत बुमराह
मुंबई इंडियंस का पहला मुकाबला 23 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होगा, लेकिन इस मैच में जसप्रीत बुमराह का खेलना मुश्किल नजर आ रहा है। टाइम्स ऑफ इंडिया के हवाले से बीसीसीआई के सूत्रों ने जानकारी दी है कि “जसप्रीत बुमराह की मेडिकल रिपोर्ट्स अच्छी हैं। उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी का अभ्यास भी शुरू कर दिया है, लेकिन आईपीएल के शुरुआती मैचों में उनके खेलने की उम्मीद कम है। मौजूदा स्थिति के अनुसार, उनकी अप्रैल के पहले सप्ताह में वापसी हो सकती है।”
मयंक यादव भी शुरूआती मुकाबले मिस कर सकते हैं
यानी मार्च से अप्रैल के पहले हफ्ते तक मुंबई इंडियंस की टीम को जसप्रीत बुमराह के बिना ही खेलना होगा। ऐसे में मुंबई इंडियंस को तीन से चार मुकाबले बुमराह के बिना खेलने पड़ सकते हैं। हालांकि, मेडिकल टीम उनकी फिटनेस पर पूरी नजर बनाए हुए है। जसप्रीत बुमराह ने अभ्यास भी शुरू कर दिया है, लेकिन वह अभी पूरी लय और तेज गति से गेंदबाजी नहीं कर पा रहे हैं। इसी वजह से वह आईपीएल के शुरुआती मुकाबले मिस कर सकते हैं। वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज मयंक यादव भी शुरुआती कुछ मुकाबले मिस कर सकते हैं। उन्हें भी फिट होने में कुछ समय लग सकता है। ऐसे में अप्रैल महीने में ही मयंक यादव भी आईपीएल में वापसी कर सकते हैं और लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

