
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने रविवार 9 सितंबर को एशिया कप 2025 के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस टीम में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान का नाम शामिल नहीं है। दोनों को ही इस बड़े टूर्नामेंट से बाहर रखा गया है। इसी के बाद अब टीम सिलेक्शन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर जावेद मियांदाद ने टीम सिलेक्शन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि पहले से संभावना जताई जा रही थी कि इन दोनों खिलाड़ियों को टीम से बाहर रखा जा सकता है। दरअसल, पिछले कुछ समय से दोनों ही खिलाड़ियों का फॉर्म शांत है और छोटे फॉर्मेट में बड़ा स्कोर नहीं बना पाए हैं। लेकिन अब टीम का ऐलान हो जाने के बाद पूर्व खिलाड़ी ने चयन प्रक्रिया पर सवाल उठा दिए हैं।
क्रिकेट के फॉर्मेट में उतार-चढ़ाव स्वाभाविक: जावेद मियांदाद
दरअसल, जावेद मियांदाद का कहना है कि ‘चयनकर्ताओं को खुद यह नहीं पता है कि वह क्या कर रहे हैं। क्या उन्होंने कभी क्रिकेट खेली है? आप बाबर आजम जैसे बड़े खिलाड़ी को टीम से बाहर कैसे कर सकते हैं? क्रिकेट के फॉर्मेट में उतार-चढ़ाव स्वाभाविक सी बात है। हर खिलाड़ी को आत्मविश्वास के साथ सही समय पर प्रदर्शन करना होता है।’ दरअसल बाबर आजम को टी20 टीम से बाहर करने का निर्णय चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद लिया गया है। 28 साल बाद पाकिस्तान ने आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी की थी, लेकिन चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद टूर्नामेंट में सबसे पहले बाहर होने वाली टीम भी पाकिस्तान थी। बाबर आजम ने उस टूर्नामेंट में कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया था और मोहम्मद रिजवान के बल्ले से भी बड़ा स्कोर नहीं निकला था।
ये है टीम से बाहर करने का असल कारण?
ऐसे में नाराज फैंस ने दोनों ही खिलाड़ियों को जमकर ट्रोल किया था। दरअसल, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में बाबर आजम को बाहर कर दिया। वहीं मोहम्मद रिजवान भी खेलते हुए नजर नहीं आए। उसके बाद हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में भी दोनों खिलाड़ियों का नाम शामिल नहीं था। हालांकि, दोनों को वनडे टीम में मौका दिया गया था लेकिन वनडे सीरीज में भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं रहा। यही कारण है कि एशिया कप 2025 के टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ी खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। बता दें पाकिस्तान का पहला मैच 12 सितंबर को ओमान के खिलाफ होने वाला है, जबकि 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। वहीं 17 सितंबर को यूएई से पाकिस्तान का मुकाबला होगा।
ट्राई सीरीज और एशिया कप के लिए पाक टीम इस प्रकार है
सलमान आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमान, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम, साहिबजादा फरहान, सैम आयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन शाह अफरीदी, सूफियान मोकिम।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

