करुण नायर ने ठोका नाबाद शतक तो सरफराज खान ने सिलेक्टर्स को फिर सोचने पर किया मजबूर! IND-A ने इंग्लैंड लॉयन्स पर कसा शिकंजा

इंडिया-ए और इंग्लैंड लॉयन्स के बीच खेले जा रहे चार दिवसीय मैच में करुण नायर ने 186 रनों की नाबाद पारी खेलकर टेस्ट टीम में अपनी दावेदारी मजबूत की है। वहीं टीम इंडिया से बाहर किए गए सरफराज खान ने 92 रन बनाकर चयनकर्ताओं को एक बार फिर सोचने पर मजबूर कर दिया।
Karun Nair

कैंटरबरी के सेंट लॉरेंस ग्राउंड में शुरू हुए चार दिवसीय मुकाबले में इंडिया-ए के बल्लेबाजों ने इंग्लैंड लॉयन्स के गेंदबाजों को खूब दौड़ाया। दरअसल पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया-ए ने सिर्फ तीन विकेट खोकर 409 रन बना लिए। करुण नायर 186 रन बनाकर क्रीज पर टिके हैं, जबकि ध्रुव जुरेल 82 रनों पर नाबाद हैं। इन दोनों के बीच अब तक 177 रनों की साझेदारी हो चुकी है। सरफराज खान ने भी 92 रनों की बेहतरीन पारी खेली और एक बार फिर टीम इंडिया में वापसी का संदेश दे दिया है।

दरअसल करुण नायर ने इस मुकाबले में जिस अंदाज में बल्लेबाजी की, उसने यह साफ कर दिया कि वो इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 246 गेंदों में 24 चौकों और एक छक्के की मदद से खेली गई उनकी 186 रन की नाबाद पारी, टेक्नीक और धैर्य का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने टीम को शुरुआती झटकों से उबारा। दरअसल करुण को पहले ही टेस्ट स्क्वॉड में शामिल किया जा चुका है और इस पारी से उन्होंने पहला टेस्ट खेलने का दावा मजबूत कर लिया है।

सरफराज खान ने शानदार पारी से फिर खटखटाया दरवाजा

वहीं इंग्लैंड लॉयन्स के खिलाफ इस मुकाबले में सरफराज खान की पारी सबसे ज्यादा चर्चा में रही है । दरअसल टेस्ट टीम से बाहर किए जाने के बाद सरफराज ने चयनकर्ताओं को करारा जवाब दिया है। उन्होंने 92 रनों की दमदार पारी खेली और करुण नायर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए अहम साझेदारी निभाई। उनके शॉट सिलेक्शन से लेकर स्ट्राइक रोटेशन तक सब कुछ बेहद शानदार था। वहीं सरफराज ने साफ कर दिया कि वह टीम इंडिया की टेस्ट प्लेइंग इलेवन में जगह पाने के हकदार हैं।

ध्रुव जुरेल ने भी दिखाया दम

वहीं जहां करुण और सरफराज ने पारी को मजबूत शुरुआत दी, वहीं ध्रुव जुरेल ने अंत तक टिककर खेल दिखाया। जुरेल ने सिर्फ 104 गेंदों में 9 चौकों और एक छक्के की मदद से 82 रनों की नाबाद पारी खेली। विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर वे लगातार इंडिया-ए के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और भविष्य में टीम इंडिया के स्थायी सदस्य बन सकते हैं। दरअसल पहले दिन के अंत तक इंडिया-ए ने 409/3 का स्कोर खड़ा कर मैच पर पकड़ मजबूत कर ली है। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन और यशस्वी जायसवाल जल्दी आउट हो गए थे, लेकिन मिडिल ऑर्डर की ठोस पारियों ने टीम को संभाला। टीम अब बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही है और गेंदबाजों को इंग्लिश बल्लेबाजों पर दबाव बनाने का शानदार मौका मिलेगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews