फिलहाल रिटायरमेंट नहीं लेंगे मोहम्मद शमी, कहा – ‘वनडे वर्ल्डकप जीतना मेरा सपना’

मोहम्मद शमी ने यह पूरी तरह से साफ कर दिया है कि वह इस समय रिटायरमेंट के बारे में नहीं सोच रहे हैं। मोहम्मद शमी 2027 के वर्ल्ड कप में खेलना चाहते हैं। वनडे वर्ल्ड कप जीतना ही उनका सपना है। चलिए जानते हैं रिटायरमेंट की अफवाहों के बीच मोहम्मद शमी ने क्या कहा।
फिलहाल रिटायरमेंट नहीं लेंगे मोहम्मद शमी, कहा - 'वनडे वर्ल्डकप जीतना मेरा सपना'

रिटायरमेंट की अफवाहों को मोहम्मद शमी ने सिरे से खारिज कर दिया है। हाल ही में मोहम्मद शमी की फिटनेस समस्याओं के बाद यह अफवाहें उड़ रही थीं कि वह जल्द ही रिटायरमेंट का ऐलान कर सकते हैं। लेकिन उन्होंने यह साफ कर दिया कि वह अभी अपना खेल जारी रखेंगे और मैदान पर डटे रहेंगे। बता दें कि मोहम्मद शमी का कहना है कि वह 2027 के वनडे वर्ल्ड कप के बारे में सोच रहे हैं। वनडे वर्ल्ड कप जीतना ही उनका असली सपना है।

दरअसल, मोहम्मद शमी ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 में शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में फिटनेस समस्याओं को लेकर उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। लंबे समय से वह भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। फिटनेस के कारण ही टी20 वर्ल्ड कप 2024 में मोहम्मद शमी दिखाई नहीं दिए। यही कारण रहा कि उन्हें लेकर रिटायरमेंट की खबरें वायरल होने लगीं।

क्यों रिटायरमेंट की हो रही चर्चा?

मोहम्मद शमी को एशिया कप 2025 के स्क्वाड में भी जगह नहीं दी गई। ऐसे में हाल ही में खबरें वायरल होने लगीं कि अब मोहम्मद शमी रिटायरमेंट लेने जा रहे हैं। लेकिन अब दिलीप ट्रॉफी के दौरान उन्होंने यह साफ कर दिया है कि वह क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। एक न्यूज़ चैनल से बातचीत में मोहम्मद शमी ने कहा कि अगर किसी को मुझसे दिक्कत है तो मेरे सामने आकर बात करें। मेरे रिटायर होने से किसकी जिंदगी बेहतर हो जाएगी? मैं किसी की जिंदगी में पत्थर क्यों बनूं? मुझे रिटायरमेंट क्यों चाहिए? जिस दिन मुझे खुद यह समझ आएगा, बोरियत होने लगेगी, मैं खुद मैदान छोड़ दूंगा। आप मुझे न चुनें, न खिलाएं, कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं मेहनत करता रहूंगा।

मैं घरेलू क्रिकेट खेलना चाहूंगा: मोहम्मद शमी

इसी दौरान मोहम्मद शमी ने यह भी कहा कि अगर उन्हें नेशनल टीम में जगह नहीं मिलती है तो वह घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। इसे लेकर उन्होंने कहा कि अगर आप मुझे अंतरराष्ट्रीय मैचों में नहीं चुनते तो कोई दिक्कत नहीं है। मैं घरेलू क्रिकेट खेलना चाहूंगा। मैं कहीं न कहीं खेलता रहूंगा। रिटायरमेंट जैसा फैसला तब लिया जाएगा जब लगेगा कि आप बोर होने लगे हैं, जब आप सुबह 7:00 बजे टेस्ट मैच के लिए उठना नहीं चाहते हैं। लेकिन मेरे लिए अभी यह वक्त नहीं आया है। आप चाहें तो मैं सुबह 5:00 बजे उठकर भी खेलने के लिए तैयार रहूंगा।

बता दें कि मोहम्मद शमी ने भारत के लिए 64 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें 229 विकेट हासिल किए हैं। जबकि वनडे में मोहम्मद शमी ने भारत के लिए 108 मैच खेले हैं और 206 विकेट हासिल किए हैं। टी20 में भी मोहम्मद शमी ने 25 मैचों में 27 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews