पाकिस्तान न्यूजीलैंड सुपर-8 मैच बारिश के कारण रद्द हुआ तो क्या होगा? जानिए रिजर्व डे है या नहीं?

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का महत्वपूर्ण सुपर-8 मुकाबला कोलंबो में बारिश के कारण बाधित हुआ है। अगर यह मैच रद्द होता है तो इसे दोबारा नहीं खेला जाएगा क्योंकि सुपर-8 स्टेज के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है, और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा।
पाकिस्तान न्यूजीलैंड सुपर-8 मैच बारिश के कारण रद्द हुआ तो क्या होगा? जानिए रिजर्व डे है या नहीं?

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला अहम मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ता दिख रहा है। कोलंबो में लगातार हो रही बारिश के कारण मैच की शुरुआत में देरी हुई है। पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला तो कर लिया, लेकिन खिलाड़ी मैदान पर नहीं उतर सके। यह मैच दोनों टीमों के लिए सेमीफाइनल की राह तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।

सबसे बड़ा सवाल जो फैंस के मन में है, वह यह है कि अगर यह मैच बारिश के कारण पूरी तरह धुल जाता है तो क्या होगा? क्या इस मैच के लिए कोई रिजर्व डे रखा गया है? चलिए जानते हैं कि आईसीसी के नियम इस बारे में क्या कहते हैं।

क्या सुपर-8 मैचों के लिए है रिजर्व डे का प्रावधान?

इस सवाल का सीधा जवाब है- नहीं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 चरण के किसी भी मैच के लिए रिजर्व डे का नियम नहीं बनाया गया है। रिजर्व डे का नियम आमतौर पर टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों, जैसे सेमीफाइनल और फाइनल, के लिए होता है। चूंकि सुपर-8 एक ग्रुप स्टेज है, जहां हर टीम को तीन मैच खेलने हैं, इसलिए मैच रद्द होने पर इसे अगले दिन आयोजित नहीं करवाया जाएगा।

मैच रद्द होने की स्थिति में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड दोनों को एक-एक अंक बांट दिया जाएगा। इससे दोनों टीमों के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं अन्य मैचों के नतीजों पर निर्भर करेंगी। आपको बता दें कि सुपर-8 के ग्रुप 2 में इन दोनों टीमों के अलावा इंग्लैंड और श्रीलंका भी शामिल हैं।

5-5 ओवर के मैच के लिए यह है कट-ऑफ टाइम

अंपायरों और मैच अधिकारियों की पूरी कोशिश होगी कि कम से कम 5-5 ओवर का मुकाबला करवाया जा सके। नियमों के अनुसार, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच 5-5 ओवर का मैच शुरू करने के लिए कट-ऑफ टाइम रात 10:16 बजे निर्धारित किया गया है। भारतीय समयानुसार, रात 8 बजकर 10 मिनट के बाद से ही ओवरों में कटौती शुरू हो गई थी। अगर इस समय तक भी खेल संभव नहीं हो पाता है तो मैच को रद्द घोषित कर दिया जाएगा।

आंकड़ों में किसका पलड़ा भारी?

भले ही यह मैच बारिश से प्रभावित है, लेकिन जब भी ये दोनों टीमें भिड़ती हैं, मुकाबला रोमांचक होता है। हालांकि, हालिया प्रदर्शन पर नजर डालें तो न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान पर अपना दबदबा बनाया है। दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले 8 टी20 मैचों में से न्यूजीलैंड ने 6 में जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान सिर्फ 2 मैच ही जीत सका है। हालांकि, टी20 क्रिकेट के ओवरऑल हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में पाकिस्तान का पलड़ा अब भी भारी है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews