
भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज, रोहित शर्मा और विराट कोहली, ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इस फैसले ने दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों को हैरान कर दिया, क्योंकि दोनों खिलाड़ी लंबे समय तक भारतीय टेस्ट टीम की रीढ़ रहे हैं। इससे पहले, 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद दोनों ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया था। अब यह जोड़ी केवल वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। इस बीच, बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने दोनों खिलाड़ियों के टेस्ट संन्यास को लेकर एक बड़ा बयान दिया है, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फैसला पूरी तरह से खिलाड़ियों का निजी था।
राजीव शुक्ला ने किया खुलासा
एएनआई से बात करते हुए राजीव शुक्ला ने कहा, ‘मैं सभी को ये बात बता देना चाहता हूं कि हम सब को विराट और रोहित की कमी महसूस होती है लेकिन दोनों खिलाड़ियों ने खुद ये फैसला लिया है। बीसीसीआई की पॉलिसी है कि हम कभी भी किसी भी खिलाड़ी को नहीं कहते हैं कि वो कब और किस फॉर्मेट से संन्यास ले। ये खिलाड़ी के ऊपर होता है कि उन्हें कब संन्यास लेना है। इन दोनों खिलाड़ियों ने भी सोच समझ कर फैसला लिया। हमें उनकी कमी हमेशा खलेगी और हम उन्हें हमेशा अच्छा बल्लेबाज मानेंगे। हमारे लिए अच्छी बात ये है कि दोनों खिलाड़ी सभी वनडे मुकाबलों के लिए उपलब्ध रहेंगे।’
रोहित और विराट का शानदार टेस्ट करियर
रोहित शर्मा ने 67 टेस्ट मैचों में 40.57 की औसत से 4301 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं। 2019 में टेस्ट क्रिकेट में सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरने के बाद उन्होंने अपने 12 में से 9 शतक बनाए, जो उनकी आक्रामक शैली और अनुकूलन क्षमता को दर्शाता है। दूसरी ओर, विराट कोहली ने 123 टेस्ट मैचों में 46.85 की औसत से 9230 रन बनाए, जिसमें 7 दोहरे शतक, 30 शतक, और 31 अर्धशतक शामिल हैं। कोहली ने 2014 से 2022 तक भारत की टेस्ट कप्तानी की और SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में 7 टेस्ट जीत के साथ एशिया के सबसे सफल टेस्ट कप्तान रहे।
हालांकि, 2024-25 सीजन में ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत को 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। रोहित ने सिडनी टेस्ट से खुद को बाहर रखा, और विराट भी सीरीज में पहले टेस्ट में शतक के बाद फॉर्म से जूझते नजर आए। इन प्रदर्शनों के बाद दोनों ने टेस्ट क्रिकेट से हटने का फैसला किया। रोहित ने 7 मई 2025 को टेस्ट संन्यास की घोषणा की, और इसके पांच दिन बाद 12 मई को विराट ने भी इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट के जरिए टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा था।
