रविचंद्रन अश्विन की टीम मैनेजमेंट को सलाह, कहा – ‘अगर जीतना है तो, पहले टेस्ट में इस खिलाड़ी को खिलाए’

20 जून से शुरू हो रही भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज से पहले पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टीम मैनेजमेंट को सलाह दी है कि वो कलाई के जादूगर कुलदीप यादव को प्लेइंग-11 में शामिल करें। अश्विन का मानना है कि इंग्लैंड की परिस्थितियों में भारत को मैच जीतना है तो उसे अपने सबसे मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के साथ उतरना होगा, और कुलदीप उसमें जरूरी हिस्सा हैं।
रविचंद्रन अश्विन की टीम मैनेजमेंट को सलाह

पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भारत-इंग्लैंड सीरीज से पहले टीम मैनेजमेंट को सलाह दी है कि वह कुलदीप यादव को पहले टेस्ट में मौका दें। अश्विन का मानना है कि भारत को जीत के लिए सिर्फ कंडीशन नहीं, बल्कि अपनी बेस्ट गेंदबाजी यूनिट के साथ उतरना होगा। कुलदीप जैसे कलाई के स्पिनर न सिर्फ विकेट निकाल सकते हैं, बल्कि टेस्ट मैच की दिशा भी बदल सकते हैं। ऐसे में उन्हें बाहर रखना टीम के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

इंग्लैंड में आमतौर पर टीम इंडिया सिर्फ एक स्पिनर के साथ मैदान में उतरती है, क्योंकि वहां की पिचें सीम और स्विंग गेंदबाजों को मदद देती हैं। लेकिन अश्विन ने जोर देकर कहा है कि अगर भारत को सीरीज में बढ़त चाहिए, तो उसे अपने सबसे स्मार्ट स्पिनर को मौका देना होगा। अश्विन ने कहा कि “अगर पिच पर नमी है, तब भी कुलदीप को खेलना चाहिए। अगर नमी नहीं है, तब तो जरूर खेलना चाहिए, क्योंकि वह स्पिन के अलावा वैरिएशन और चालाकी से भी बल्लेबाजों को चौंका सकते हैं।”

टेस्ट रिकॉर्ड में भी असरदार रहे हैं कुलदीप यादव

दरअसल 2021 में जब भारत ने इंग्लैंड दौरा किया था, तब अश्विन को बाहर बैठना पड़ा था, जबकि जडेजा को एकमात्र स्पिनर के तौर पर मौका मिला था। इस बार टीम के पास शार्दुल ठाकुर और नितीश रेड्डी जैसे ऑलराउंडर मौजूद हैं, जिनकी मौजूदगी से टीम दो स्पिनर्स को आजमा सकती है। कुलदीप यादव को भले ही टेस्ट में कम मौके मिले हों, लेकिन उन्होंने हर बार अपनी काबिलियत साबित की है। अब तक खेले गए 12 टेस्ट मैचों में उन्होंने 41 विकेट लिए हैं और उनका स्ट्राइक रेट शानदार रहा है। सिर्फ 2018 में लॉर्ड्स टेस्ट ऐसा रहा, जहां वे कोई विकेट नहीं ले पाए। इसके अलावा हर बार उन्होंने कप्तान का भरोसा जीता है।

भारत की प्लेइंग-11 को लेकर चर्चा

दरअसल कलाई के स्पिनर होने की वजह से कुलदीप यादव बल्लेबाजों के लिए अनप्रेडिक्टेबल रहते हैं। इंग्लिश कंडीशन में जब पिच पुरानी हो जाती है, तब स्पिनर्स का रोल बढ़ जाता है और वहां कुलदीप गेम बदल सकते हैं। अश्विन का मानना है कि जब आपके पास जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा जैसे गेंदबाज हैं, तो कुलदीप को शामिल कर ये आक्रमण और भी खतरनाक हो सकता है। भारत की टेस्ट सीरीज से पहले तैयारियां जोरों पर हैं। शुभमन गिल पहली बार टेस्ट टीम की कप्तानी कर रहे हैं, क्योंकि रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews