
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों की लिस्ट में रविचंद्रन अश्विन का नाम आता है। हाल ही में रविचंद्रन अश्विन ने इंडियन प्रीमियर लीग से संन्यास का ऐलान किया था और इसके बाद उन्होंने विदेशी लीग में खेलने की इच्छा जाहिर की थी। लेकिन अब रविचंद्रन अश्विन को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है। बता दें कि रविचंद्रन अश्विन का विदेशी लीग में खेलने का सपना अभी पूरा नहीं होगा। उन्हें IL T20 लीग के ऑक्शन में कोई भी खरीदार नहीं मिला है। वह इस बड़ी लीग के ऑक्शन में अनसोल्ड रहे हैं। आज IL T20 लीग का ऑक्शन दुबई में आयोजित किया गया था। हालांकि, रविचंद्रन अश्विन की बेस प्राइस 120000 डॉलर रखी गई थी, जो भारतीय रुपये में लगभग एक करोड़ रुपए के बराबर थी।
रविचंद्रन अश्विन ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए कई महत्वपूर्ण मुकाबले खेले और जीताए भी। भारतीय क्रिकेट के इतिहास में उनका नाम दिग्गजों की लिस्ट में लिया जाता है। ऐसे में उनका अनसोल्ड रहना हैरान करने वाली बात है। टेस्ट क्रिकेट हो या T20, अश्विन ने हर फॉर्मेट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। ऐसे में उनका अनसोल्ड होना विश्व क्रिकेट में चर्चा बटोर रहा है।
IPL और इंटरनेशनल क्रिकेट से ले चुके हैं संन्यास
रविचंद्रन अश्विन ने कुछ महीने पहले ही इंटरनेशनल क्रिकेट और आईपीएल से रिटायरमेंट लिया था। इसके बाद उन्होंने IL T20 लीग के ऑक्शन के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवाया था। इसे लेकर खूब चर्चाएं भी हुईं। ऐसा माना जा रहा था कि रविचंद्रन अश्विन को अपनी टीम में शामिल करने के लिए कई बड़ी टीमें बड़ी बोलियां लगा सकती हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्हें एक भी टीम ने अपनी ओर खींचने की कोशिश नहीं की। रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पांच अलग-अलग टीमों के लिए 221 मुकाबले खेले। उन्होंने आईपीएल में 187 विकेट लिए, जो इतिहास में सबसे सफल गेंदबाजों में से एक उन्हें बनाते हैं। इसके अलावा उन्होंने बल्ले से 833 रन भी बनाए।
इस विदेशी लीग में खेलते हुए दिखाई देंगे
आईपीएल के पिछले सीजन के ऑक्शन पर ही नजर डाली जाए तो रविचंद्रन अश्विन को चेन्नई सुपर किंग्स ने बड़ी रकम में खरीदा था। चेन्नई की टीम ने अश्विन को 9.75 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि, उनका सीजन बेहद निराशाजनक रहा। उन्होंने 14 मैचों में सिर्फ 7 विकेट हासिल किए। यह संभावना जताई जा रही थी कि रविचंद्रन अश्विन को चेन्नई सुपर किंग्स की टीम बाहर कर सकती है, लेकिन उससे पहले ही अश्विन ने संन्यास का ऐलान कर दिया। हालांकि, रविचंद्रन अश्विन भले ही IL T20 ऑक्शन में अनसोल्ड रहे हों, लेकिन वह बिग बैश लीग में खेलते हुए नजर आएंगे। बता दें कि उन्होंने अगले सीजन के लिए डील साइन कर ली है। 14 दिसंबर से शुरू होने वाले बिग बैश लीग के अगले सीजन में रविचंद्रन अश्विन सिडनी थंडर के लिए खेलते हुए दिखाई देंगे।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

