
आज IPL 2026 क्वालीफायर 1 का बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। वहीं इस मुकाबले से पहले दोनों टीमों ने नेट्स में पसीना बहाना शुरू कर दिया है। दरअसल इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में लगातार बन रहे विशाल स्कोर के बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के कप्तान रजत पाटीदार ने गेंदबाजों के लिए बढ़ती चुनौतियों पर चिंता व्यक्त की है। पाटीदार ने आज को गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले पहले क्वालीफायर मुकाबले की पूर्व संध्या पर मीडिया से बातचीत में कहा कि अब 220 से 250 रन का स्कोर भी सुरक्षित नहीं माना जा सकता, जो विशेषकर तेज गेंदबाजों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
दरअसल कप्तान रजत पाटीदार ने स्वीकार किया कि विकेट बल्लेबाजी के अनुकूल हैं, मैदानों की बाउंड्री छोटी हैं और ओस भी मैच के नतीजों में बड़ी भूमिका निभाती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि गेंदबाजों के लिए चुनौती लगातार बढ़ती जा रही है। खासकर तेज गेंदबाजों के लिए छोटी सी गलती भी छह रन में बदल जाती है।’ हालांकि, पाटीदार ने स्पष्ट किया कि उन्हें जैसी भी पिच और परिस्थितियां मिलें, टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध है, क्योंकि विकेट कैसे होने चाहिए, यह तय करना उनके हाथ में नहीं है।
हमारा पूरा ध्यान फाइनल में पहुंचने पर: रजत पाटीदार
वहीं आईपीएल फाइनल को बेंगलुरु से अहमदाबाद स्थानांतरित किए जाने के विवाद पर पाटीदार ने सीधा टिप्पणी करने से परहेज किया। दरअसल उन्होंने संतुलित जवाब देते हुए कहा कि यह उनके नियंत्रण में नहीं है और अहमदाबाद एक ऐतिहासिक स्थल है। उन्होंने कहा, ‘फाइनल जहां भी होगा, वहीं खेला जाएगा। फिलहाल हमारा पूरा ध्यान फाइनल में पहुंचने पर है।’ भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने परिचालन संबंधी कारणों, स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों, टिकटों की अत्यधिक मांग और भीड़ प्रबंधन की चिंताओं को देखते हुए यह खिताबी मुकाबला अहमदाबाद में कराने का फैसला किया है।
गुजरात को लेकर क्या बोले रजत पाटीदार
दरअसल लीग चरण में समान अंक हासिल करने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस अब फाइनल में सीधे प्रवेश के लिए एक-दूसरे से भिड़ेंगी। पाटीदार ने इसे दो संतुलित टीमों के बीच का मुकाबला बताया। उन्होंने कहा कि मैच वाले दिन जो टीम अपनी योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करेगी और दबाव में धैर्य तथा एकाग्रता बनाए रखेगी, वही जीत दर्ज करेगी।
टीम नहीं बदलेगी आक्रामक रणनीति : रजत पाटीदार
टूर्नामेंट में लगातार बड़े स्कोर बनने के बावजूद आरसीबी अपनी आक्रामक रणनीति नहीं बदलेगी, पाटीदार ने साफ किया। उन्होंने अपनी टीम की सबसे बड़ी ताकत गेंदबाजी को बताया और कहा कि पावरप्ले में जिस तरह वे गेंदबाजी करेंगे, वह बेहद अहम होगा। उन्होंने टीम की मानसिकता पर जोर देते हुए कहा कि टीम का हर खिलाड़ी जानता है कि वे यहां सिर्फ बचाव करने नहीं, बल्कि आक्रमण करने की मानसिकता के साथ आए हैं।
इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने आगे कहा कि उनकी टीम शुरुआती विकेट हासिल करने की कोशिश करेगी और अब तक यही उनकी सफलता की कुंजी रही है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि लगातार एक जैसी सोच और रणनीति पर अमल करना ही अंतर पैदा करेगा। हालांकि, उन्होंने चुनौतियों के बीच भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रसिक सलाम की तेज गेंदबाजी तिकड़ी की भी जमकर तारीफ की।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

