श्रेयस अय्यर के पास RCB से मिली हार का बदला लेने का मौका! एक और फाइनल खेलने के लिए आज जीतना होगा मैच

पंजाब किंग्स को IPL 2025 के फाइनल तक पहुंचाने वाले श्रेयस अय्यर अब मुंबई टी20 लीग में सोबो मुंबई फाल्कंस की कप्तानी कर रहे हैं। टीम सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है और अगर ये सफर जारी रहा तो अय्यर इस महीने दूसरा फाइनल खेल सकते हैं। क्या इस बार वो ट्रॉफी अपने नाम करेंगे?
Shreyas Iyer

आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स को पहली बार फाइनल तक पहुंचाने वाले श्रेयस अय्यर अब मुंबई टी20 लीग में कप्तानी करते नजर आ रहे हैं। उनकी टीम सोबो मुंबई फाल्कंस इस समय शानदार फॉर्म में है और सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। अगर यहां जीत मिलती है, तो अय्यर एक और फाइनल में उतरेंगे। ये मुकाबला उनके लिए खास होगा, क्योंकि इससे उन्हें आईपीएल फाइनल में RCB से मिली हार का जवाब देने का मौका भी मिलेगा।

दरअसल श्रेयस अय्यर की कप्तानी में सोबो मुंबई फाल्कंस ने लीग स्टेज में 5 में से 4 मैच जीतकर सीधा सेमीफाइनल का टिकट कटाया। टीम इस समय पॉइंट्स टेबल के टॉप पर है। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली नमो बांद्रा ब्लास्टर्स से 10 जून को होगा।

टूर्नामेंट में अय्यर का बल्ला शांत

हालांकि इस टूर्नामेंट में अय्यर का बल्ला शांत रहा है, उन्होंने अब तक 3 पारियों में सिर्फ 49 रन बनाए हैं। बावजूद इसके उनकी कप्तानी की जमकर तारीफ हो रही है। टीम का संतुलन और गेम प्लान मजबूत नजर आ रहा है। इस लीग में अन्य बड़ी टीमों की बात करें तो सूर्यकुमार यादव की ट्रायम्फ नाइट्स पहले ही बाहर हो चुकी है, जबकि दूसरा सेमीफाइनल ईगल थाणे स्ट्राइकर्स और मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स के बीच होगा। श्रेयस अय्यर के लिए ये टूर्नामेंट सिर्फ एक और ट्रॉफी की दौड़ नहीं है, बल्कि RCB के खिलाफ मिली फाइनल की हार का मानसिक असर भी है।

RCB से मिली हार का जख्म?

दरअसल IPL 2025 फाइनल में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में RCB ने पंजाब किंग्स को हराकर उनका ट्रॉफी जीतने का सपना तोड़ दिया था। अय्यर ने उस सीजन में गज़ब की बल्लेबाज़ी की थी 17 मैचों में 604 रन, 50 की औसत, 6 अर्धशतक। लेकिन फाइनल में वो सिर्फ 1 रन पर आउट हो गए और टीम हार गई। यही कारण है कि अब मुंबई टी20 लीग में वो जीत के साथ उस अधूरे सफर को पूरा करना चाहते हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews