
शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा को बेहद अच्छा दोस्त माना जाता है, लेकिन जब बात खेल की आती है तो दोनों ही, अगर विपक्षी टीम में हों, तो एक-दूसरे पर जमकर बरसते हैं। ऐसा ही मंजर बीते दिन देखने को मिला। दोनों खिलाड़ी आमने-सामने आ गए और शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा के विकेट को लेकर अंपायर से भिड़ गए। हालांकि अभिषेक शर्मा ने ही गिल को शांत करवाया। काफी देर तक मैदान पर यह ड्रामा चलता रहा।
दरअसल, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुक्रवार को गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला जा रहा था। इस दौरान गुजरात ने पहले बल्लेबाजी की, जिसके चलते टीम ने छह विकेट पर 224 रन का बड़ा स्कोर बना दिया और हैदराबाद को जीत के लिए 225 रनों का टारगेट दिया।
जानिए आखिर क्या था पूरा मामला
लेकिन जब हैदराबाद की टीम बल्लेबाजी कर रही थी, उस दौरान 14वें ओवर में मैदान का माहौल गर्म हो गया। प्रसिद्ध कृष्णा द्वारा अभिषेक शर्मा को स्टंप के सामने कैच आउट कर दिया गया, जिसके बाद मैदान पर अलग ही नजारा देखने को मिला। दरअसल, मैदानी अंपायर ने अभिषेक शर्मा को नॉट आउट करार दिया, जबकि इस पर गिल ने तुरंत रिव्यू ले लिया। रिप्ले में ‘अंपायर का कॉल’ इम्पैक्ट पर दिखाई दिया, यानी प्रोजेक्शन रिप्ले में गेंद विकेट से टकरा रही थी, लेकिन मैदानी अंपायर का फैसला ही कायम रहा। हालांकि शुभमन गिल इस फैसले से बिल्कुल भी खुश नहीं दिखे और उन्होंने मैदान में ही अंपायरों से बहस शुरू कर दी।
एक ही मैच में शुभमन गिल दो बार अंपायर से भिड़े
शुभमन गिल का कहना था कि गेंद फुल टॉस थी और अभिषेक के पैड पर लगने से पहले पिच नहीं हुई थी। हालांकि अभिषेक शर्मा, जो गिल के खास दोस्त माने जाते हैं, ने उन्हें शांत करवाने की कोशिश की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। शुभमन गिल लगातार अंपायर से बहस करते हुए नजर आए। बता दें कि इस दौरान अभिषेक शर्मा 69 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। मैदान का माहौल एकदम गरम हो गया। हालांकि अगले ही ओवर में अभिषेक शर्मा आउट हो गए, लेकिन इस घटना ने सोशल मीडिया पर भी बहस छेड़ दी।
अभिषेक शर्मा ने खेली शानदार पारी
गौरतलब है कि इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से अभिषेक शर्मा ने 41 गेंदों में 74 रनों की जबरदस्त पारी खेली। हालांकि गुजरात टाइटंस ने इसके बावजूद टीम को हरा दिया। इस सीजन में हैदराबाद की यह सातवीं हार थी। हैदराबाद ने अब तक 10 मुकाबले खेले हैं, जिनमें केवल तीन में जीत हासिल हुई है। वहीं अब हैदराबाद की टीम लगभग आईपीएल 2025 से बाहर हो गई है। बता दें कि इसी मुकाबले में शुभमन गिल को रन आउट भी दिया गया था, जिसमें विवाद देखने को मिला था। इस मैच में दो बार शुभमन गिल और अंपायर आमने-सामने आ गए।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

