क्या आज मैदान पर उतरेंगे भारतीय कप्तान शुभमन गिल? अचानक अस्पताल में कराया गया था भर्ती

इस समय भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैच की सीरीज खेली जा रही है जिसका पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन मैदान पर खेला जा रहा है। दूसरे दिन भारतीय कप्तान शुभमन गिल को मैदान से बाहर लौटना पड़ा और अचानक उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। चलिए जानते हैं अब शुभमन गिल की तबीयत कैसी है।
शुभमन गिल

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच के बीच में ही भारतीय कप्तान शुभमन गिल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल है कि क्या शुभमन गिल तीसरे दिन मुकाबले में नजर आएंगे और क्या दूसरे टेस्ट मैच में भी वह टीम का हिस्सा बन पाएंगे। दरअसल कोलकाता टेस्ट मैच के दूसरे दिन जब शुभमन गिल बल्लेबाजी कर रहे थे तो उन्हें अचानक गर्दन में खिंचाव महसूस हुआ और यह खिंचाव बढ़ता गया, जिसके तुरंत बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।

दरअसल मुकाबले के 35वें ओवर में शुभमन गिल को बल्लेबाजी करते समय यह समस्या हुई। गिल साइमन हार्मर की गेंद पर स्वीप शॉट लगाने का प्रयास कर रहे थे, इसी दौरान उनकी गर्दन में खिंचाव आ गया। हालांकि काफी देर तक मैदान पर उनकी जांच हुई, लेकिन वह चार रन ही बना पाए और रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा।

गर्दन में आया है खिंचाव

वहीं न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक शुभमन गिल को स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया था और उनके गले पर एक पट्टी बंधी हुई थी। एक और रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि शुभमन गिल को वुडलैंड अस्पताल में भर्ती किया गया था और रात भर एक स्पेशल डॉक्टर की टीम ने उनकी निगरानी की। शुभमन गिल के मैदान से बाहर जाने के बाद बीसीसीआई ने अपडेट जारी किया कि गिल की गर्दन में खिंचाव की समस्या आई है। वहीं दूसरी ओर भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने भी यह जानकारी साझा की कि शुभमन गिल को बल्लेबाजी में उतरने से पहले भी गर्दन में खिंचाव की समस्या हो रही थी।

क्या आज मैदान में उतरेंगे गिल?

हालांकि अब सबसे बड़ा सवाल है कि क्या शुभमन गिल इस मुकाबले को पूरा कर पाएंगे। दूसरे दिन ही गिल को मैदान से बाहर जाना पड़ा और आज मुकाबले का तीसरा दिन है। दरअसल पिछले कुछ हफ्तों से शुभमन गिल व्यस्त रहे हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया टूर समाप्त हुआ था, जिसके अगले ही दिन भारतीय टीम को कोलकाता आना पड़ा। फिर मंगलवार को ही शुभमन गिल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए अभ्यास शुरू कर दिया था। हालांकि मोर्ने मोर्कल ने यह साफ किया है कि शुभमन गिल अपनी फिटनेस का पूरा ध्यान रखते हैं और यह भी संभव है कि वह गलत करवट लेकर सो गए हों।

मुकाबले पर नजर डालें

मुकाबले पर नजर डाली जाए तो बता दें कि साउथ अफ्रीका की पहली पारी मात्र 159 रनों पर समाप्त हो गई थी। हालांकि भारतीय टीम ने भी अपनी पहली पारी में मात्र 189 रन बनाए। भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन केएल राहुल ने बनाए। केएल राहुल के बल्ले से 39 रनों की पारी निकली। वहीं साउथ अफ्रीका ने दूसरे दिन के अंत तक 93 रन बना लिए थे और अपने 7 विकेट गंवा दिए थे। भारत इस मुकाबले को जीतने से अब थोड़ी ही दूर है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews