
आज भारत और पाकिस्तान दुबई क्रिकेट इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने-सामने होंगे। इस मैच को लेकर भारतीय टीम जमकर तैयारी कर रही है, लेकिन इससे पहले टीम को एक बड़ा झटका लगा है। दरअसल, भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को वायरल बुखार हो गया है, जिसके कारण वह बीते दिन प्रैक्टिस सेशन में भी शामिल नहीं हो सके। बाद में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस बारे में जानकारी दी।
शुभमन गिल ने बताया कि ऋषभ पंत को वायरल बुखार है, जिसके चलते वह बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में भी नहीं खेल सके थे। ऐसे में आज के मुकाबले में विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में केएल राहुल खेलते हुए नजर आएंगे।
प्रैक्टिस के दौरान ऋषभ पंत नजर नहीं आए
पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले इस अहम मुकाबले से पहले भारतीय टीम ने दुबई क्रिकेट इंटरनेशनल स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया। विराट कोहली, रोहित शर्मा समेत भारतीय टीम के कई खिलाड़ी घंटों तक नेट में प्रैक्टिस करते रहे। हालांकि, इस दौरान ऋषभ पंत नजर नहीं आए। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभमन गिल से इस बारे में सवाल किया गया, जिस पर उन्होंने बताया कि ऋषभ पंत को वायरल बुखार है।
इसके अलावा शुभमन गिल ने अन्य मुद्दों पर भी बात की। जब उनसे उप-कप्तानी की जिम्मेदारी को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, “उप-कप्तानी से कुछ नहीं बदला है। मैं जब भी बल्लेबाजी करता हूं, तो एक बल्लेबाज की तरह ही खेलता हूं। भारत बनाम पाकिस्तान मैच होने से कुछ खास फर्क नहीं पड़ता। हम हर मैच जीतने के लिए ही खेलते हैं।”
भारत के लिए चैंपियंस ट्रॉफी जीतना जरूरी: शुभमन गिल
आज के मुकाबले में भारतीय टीम के पास बड़ा मौका होगा। दरअसल, अगर भारत यह मैच जीत जाता है, तो पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो जाएगा। हालांकि, भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा टक्कर का होता है और अधिकतर मैच आखिरी ओवर तक जाते हैं। ऐसे में अंदाजा लगाना मुश्किल है कि कौन जीतेगा। जब शुभमन गिल से इस बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, “भारत-पाकिस्तान का मुकाबला बड़ा होता है, लेकिन भारत के लिए पाकिस्तान को हराना महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि चैंपियंस ट्रॉफी जीतना बड़ी बात है।”
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

