
इंग्लैंड दौरे पर मोहम्मद सिराज खूब चर्चाएं बटोर रहे हैं। उन्होंने पिछले कुछ मुकाबलों में शानदार गेंदबाज़ी की है। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पांचवें टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज ने 4 विकेट लेकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। वहीं, अब इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी स्टुअर्ट ब्रॉड ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि इंग्लैंड की टीम मोहम्मद सिराज को मिस्टर एंग्री के नाम से बुलाती है। खासकर बेन डकेट उन्हें मिस्टर एंग्री कहकर बुलाते हैं। बता दें कि लॉर्ड्स टेस्ट में मोहम्मद सिराज ने बेन डकेट को आउट करने के बाद आक्रोशित अंदाज़ में विदाई दी थी।
हालांकि, इस कारण उन्हें आईसीसी की आचार संहिता के उल्लंघन के चलते 15% मैच फीस का जुर्माना भी भरना पड़ा था। लेकिन अब स्टुअर्ट ब्रॉड के इस खुलासे ने सभी को हैरान कर दिया है। यह खुलासा उन्होंने जिओ हॉटस्टार पर किया।
जानिए क्या बोले स्टुअर्ट ब्रॉड
उन्होंने बताया कि बेन डकेट मोहम्मद सिराज को मुस्कुराते हुए कहते हैं, “हेलो मिस्टर एंग्री, गुड मॉर्निंग मिस्टर एंग्री, कैसे हो?” यह देखना दिलचस्प रहता है कि मोहम्मद सिराज कैसे रिएक्ट करते हैं, पर यह मज़ाक के अंदाज़ में होता है। सिराज का तेवर हमेशा जोशीला ही दिखाई देता है। दरअसल, ओवल क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे पांचवें टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाज़ी की। उन्होंने इंग्लैंड की पहली पारी में चार अहम विकेट चटकाए। सिराज ने ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल को आउट कर इंग्लैंड को सस्ते में ऑलआउट किया।
इस सीरीज में सिराज को देखकर मजा आ रहा है: स्टुअर्ट ब्रॉड
इस पर ब्रॉड ने कहा कि मुझे सिराज को इस सीरीज़ में देखकर बेहद मजा आ रहा है। वह हर जगह मौजूद रहते हैं, चाहे कोई विवाद हो या विकेट। मुझे टेलीविज़न क्रिकेट पर हमेशा सिराज या तो तालियां बजाते दिखते हैं या मुस्कुराते हुए ही नज़र आते हैं। बता दें कि इंग्लैंड भारत से इस समय 324 रन पीछे है। इंग्लैंड की टीम को जीत के लिए इतिहास रचना होगा। भारत ने अपनी दूसरी पारी में 396 रन का स्कोर बनाया। यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतक जड़ा। यशस्वी जायसवाल ने 118 रनों की शानदार पारी खेली। जबकि इस समय इंग्लैंड ने एक विकेट गंवा दिया है और 50 रन बना लिए हैं। क्रीज़ पर बेन डकेट 34 रन बनाकर नाबाद हैं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

