T20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान टूर्नामेंट में लेगा हिस्सा, लेकिन भारत के खिलाफ मैच का करेगा बायकॉट, पढ़ें पूरी खबर

T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर पाकिस्तान सरकार ने एक चौंकाने वाला फैसला लिया है। सरकार ने टीम को टूर्नामेंट में खेलने की मंजूरी तो दे दी है, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। इस फैसले से भारत को बिना खेले ही दो अंक मिल जाएंगे।
T20 World Cup 2026 IND Vs PAK Match

नई दिल्ली: क्रिकेट जगत से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पाकिस्तान सरकार ने अपनी क्रिकेट टीम को T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की मंजूरी दे दी है, लेकिन इसके साथ ही एक बड़ी शर्त भी रखी है। पाकिस्तान ने ऐलान किया है कि वह 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में नहीं उतरेगा। इस फैसले ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही एक नए विवाद को जन्म दे दिया है।

पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक बयान जारी कर अपने इस फैसले की जानकारी दी। इस ऐलान के बाद यह तय हो गया है कि करोड़ों क्रिकेट फैंस को इस बार ICC टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान के बीच महामुकाबला देखने को नहीं मिलेगा।

सरकार ने बयान जारी कर किया ऐलान

पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी किए गए आधिकारिक बयान में कहा गया है कि टीम वर्ल्ड कप में हिस्सा जरूर लेगी, लेकिन भारत के साथ मैच नहीं खेलेगी।

“पाकिस्तान की सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC वर्ल्ड T20 2026 में हिस्सा लेने की मंजूरी देती है, हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।”

इस फैसले का सीधा असर पॉइंट्स टेबल पर पड़ेगा। पाकिस्तान के मैच नहीं खेलने की स्थिति में भारतीय टीम को वॉकओवर मिल जाएगा और बिना खेले ही 2 महत्वपूर्ण अंक हासिल हो जाएंगे।

क्यों लिया गया यह फैसला?

पाकिस्तान का यह कदम हाल के दिनों में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) से जुड़े विवाद की अगली कड़ी माना जा रहा है। दरअसल, पिछले महीने BCCI के कहने पर जब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किया था, तो BCB ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई थी।

इसके बाद बांग्लादेश ने अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार करते हुए अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग की थी। ICC ने इस मांग को खारिज कर दिया, जिसके बाद बांग्लादेश ने वर्ल्ड कप के बहिष्कार की धमकी दी थी। इस पूरे घटनाक्रम में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बांग्लादेश का समर्थन किया था। अब पाकिस्तान सरकार के इस फैसले ने वर्ल्ड कप को फिर से विवादों में डाल दिया है।

एक ही ग्रुप में हैं भारत और पाकिस्तान

गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कई सालों से कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है। दोनों टीमें सिर्फ ICC और ACC के टूर्नामेंट में ही एक-दूसरे से भिड़ती हैं। T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान को नीदरलैंड, नामीबिया और USA के साथ ग्रुप-ए में रखा गया है। भारत का अभियान 7 फरवरी से शुरू होगा, जबकि पाकिस्तान के साथ उसका मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में होना था।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews