Vinesh Phogat Disqualified: सीएम मोहन यादव ने बढ़ाया हौसला, बोले- आप शानदार वापसी करेंगी, कमलनाथ ने ओलंम्पिक दल प्रबंधन पर उठाये सवाल

सीएम डॉ मोहन यादव ने X पर लिखा- इस चुनौती की घड़ी में हर देशवासी आपके साथ खड़ा है। हमें पूर्ण विश्वास है कि आप मैदान में न केवल शानदार वापसी करेंगी, बल्कि भारत को पुनः गौरवान्वित करेंगी।
Vinesh Phogat

Vinesh Phogat Disqualified: पेरिस ओलम्पिक में इतिहास रचकर उभरी भारतीय पहलवान विनेश फोगाट मामले ने देश को हिलाकर रख दिया है, फ़ाइनल में पहुंचकर मुकाबले से पहले करीब 100 ग्राम वजन ज्यादा होने से योग्य घोषित किये जाने से पूरा देश निराश है लेकिन विनेश का हौसला बढ़ा रहा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित तमाम बड़े नेता और खिलाड़ी विनेश का हौसला बढ़ा रहे हैं उधर इस घटना के बाद भारतीय ओलम्पिक दल प्रबंधन और खिलाड़ियों के साथ गये खेल प्रशासकों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

सीएम डॉ मोहन यादव ने लिखा-  हमें पूर्ण विश्वास है कि आप मैदान में न केवल शानदार वापसी करेंगी

विनेश फोगाट का हौस्ला बढ़ाते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने X पर लिखा- विनेश आप भारत का गौरव हैं,  फाइनल मैच के पूर्व 100 ग्राम ओवरवेट होने के कारण आपका अयोग्य घोषित होना प्रत्येक भारतीय के लिए अत्यंत दुखदायी है। इस चुनौती की घड़ी में हर देशवासी आपके साथ खड़ा है। हमें पूर्ण विश्वास है कि आप मैदान में न केवल शानदार वापसी करेंगी, बल्कि भारत को पुनः गौरवान्वित करेंगी।

कमलनाथ ने उठाये ओलंपिक दल के प्रबंधन और प्रशासन पर सवाल

उधर पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने X पर लिखा – ओलंपिक में कुश्ती के फ़ाइनल में पहुँचने के बाद विनेश फोगाट का डिसक्वालीफाई हो जाना भारत के करोड़ों खेल प्रेमियों के लिए वज्रपात से कम नहीं है। पूरा देश स्वर्ण पदक की आशा लगाए बैठा था, लेकिन इस तरह का फ़ैसला हमारे सामने आया। कुछ ग्राम वज़न ज़्यादा होने के आधार पर विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित कर दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम ने ओलंपिक दल के प्रबंधन और प्रशासन पर भी सवाल खड़े किए हैं।

कमलनाथ ने लिखा – विनेश फोगाट हमें आप पर गर्व है

कमलनाथ ने लिखा-  खिलाड़ी के अलावा प्रशासकों की भी यह ज़िम्मेदारी है कि वह इस तरह की टेक्निकल चीज़ों को शुरू से ही नियंत्रण में रखें और कम से कम गोल्ड मेडल के मुक़ाबले के पहले तो सारी सावधानी बरती ही जानी चाहिए थी। हमें आशा करनी चाहिए कि इस ओलंपिक में बाक़ी बचे मुक़ाबलों और भविष्य में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रबंधन और प्रशासन इन बातों का बहुत बारीकी से ध्यान रखेगा। इस सबके बावजूद विनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक में अब तक जो प्रदर्शन किया, वह इतिहास में दर्ज हो चुका है। ख़ासकर जितने संघर्ष के बाद वह ओलंपिक में पहुँची थीं और भारत का नाम रोशन कर रही थीं, वह खिलाड़ियों की आने वाली कई पीढ़ियों को हौसला देता रहेगा। विनेश फोगाट हमें आप पर गर्व है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews