विराट-अनुष्का ने रामलला के किए दर्शन, मंदिर परिसर में भी घूमे, हनुमानगढ़ी पहुंचकर कोहली ने चढ़ाए लड्डू

टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ अब अयोध्या पहुंचे हैं। दोनों ने सुबह-सुबह रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन किए, पूजा-अर्चना की। इसके अलावा उन्होंने मंदिर परिसर में मीडिया से दूर लगभग आधा घंटा बिताया।
VIRAT KOHLI AND ANUSHKA SHARMA

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा रविवार सुबह अचानक अयोध्या पहुंचे। उनका यह दौरा पूरी तरह से निजी रहा, किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। दरअसल सुबह करीब 7 बजे दोनों ने रामलला के दर्शन किए और लगभग आधे घंटे मंदिर परिसर में घूमे। इस दौरान उन्होंने मंदिर की भव्यता, नक्काशी और राम दरबार की मूर्तियों को नजदीक से देखा। पुजारियों से बातचीत कर मंदिर के इतिहास और संस्कृति के बारे में भी जानकारी ली।

दरअसल रामलला के दर्शन के बाद विराट और अनुष्का ने हनुमानगढ़ी मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। सुबह 8 बजे जब वे वहां पहुंचे, तो मंदिर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। विराट कोहली ने सवा किलो लड्डू और फूलों की माला हनुमान जी को चढ़ाई। इसके बाद उन्होंने हाथ जोड़कर थोड़ी देर तक ध्यान में खड़े रहकर उन्होंने प्रणाम किया।

महंत संजय दास ने दोनों को आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया

इस दौरान पुजारियों ने विराट और अनुष्का को फूलों की माला पहनाई और माथे पर तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया। वहीं मंदिर के महंत संजय दास ने दोनों को शॉल ओढ़ाकर आशीर्वाद दिया। वहीं महंत ने कहा कि विराट और अनुष्का में भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति गहरा जुड़ाव है। उन्होंने मंदिरों में समय बिताकर अध्यात्म से जुड़ने का प्रयास किया, जो आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। बता दें कि पिछले कुछ समय से विराट और अनुष्का के ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं जिसमें वे अध्यात्म से जुड़े हुए दिखाई दे रहे हैं।

कुछ समय पहले ही वृंदावन पहुंचे थे

दरअसल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद विराट कोहली लगातार अध्यात्म की ओर झुकते नजर आ रहे हैं। इससे पहले 13 मई को विराट और अनुष्का वृंदावन पहुंचे थे, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया था। विराट से जब पूछा गया, “प्रसन्न हो?” तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “हां।” विराट कोहली इस समय IPL में RCB के लिए खेल रहे हैं। 23 मई को लखनऊ में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में उन्होंने 25 गेंदों में 43 रन बनाए थे। हालांकि, उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा था। RCB का अगला मैच 27 मई को फिर से लखनऊ में होना है, जिसके चलते विराट ने इस बीच का समय अयोध्या में बिताने का फैसला किया।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews