विमेंस एशिया कप 2026 में आज भारत का पहला मैच, थाईलैंड की टीम होगी सामने, इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

विमेंस एशिया कप 2026 में भारतीय महिला टीम आज दुबई में अपने अभियान की शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ करेगी। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम पिछली तीनों भिड़ंत जीत चुकी है।
विमेंस एशिया कप 2026 में आज भारत का पहला मैच, थाईलैंड की टीम होगी सामने, इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

भारतीय महिला क्रिकेट टीम आज विमेंस एशिया कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में थाईलैंड का सामना करेगी। दरअसल दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रात 8 बजे होने वाले इस मैच में भारत जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करना चाहेगा। टीम के पास अनुभवी खिलाड़ियों के साथ मजबूत स्पिन अटैक भी है, जो मुकाबले का रुख बदल सकता है।

कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा जैसी खिलाड़ी टीम की ताकत हैं। हालांकि जेमिमा रोड्रिग्स चोट के कारण बाहर हैं और उनकी जगह प्रतिका रावल को टीम में शामिल किया गया है। भारत का लक्ष्य पहले मैच से ही लय हासिल करना होगा ताकि ग्रुप चरण में बढ़त बनाई जा सके। दूसरी ओर थाईलैंड की टीम भी अपने अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के दम पर चुनौती पेश करने की कोशिश करेगी।

भारत बनाम थाईलैंड रिकॉर्ड पर नजर डालें

दरअसल भारत और थाईलैंड के बीच अब तक तीन महिला टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले हुए हैं और हर बार भारतीय टीम विजेता रही है। इन मुकाबलों में भारत ने 66 रन, 9 विकेट और 74 रन के अंतर से जीत दर्ज की थी। यही रिकॉर्ड भारतीय टीम का मनोबल बढ़ाता है, लेकिन टी-20 क्रिकेट में हर मैच नई चुनौती लेकर आता है। वहीं बल्लेबाजी में सबसे ज्यादा उम्मीद शेफाली वर्मा से होगी, जिन्होंने हाल के मुकाबलों में लगातार रन बनाए हैं। स्मृति मंधाना से टीम को तेज शुरुआत की उम्मीद रहेगी, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर मध्यक्रम को मजबूती देंगी। विकेटकीपर ऋचा घोष भी तेजी से रन बनाने की क्षमता रखती हैं। गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा और श्री चरानी भारत की बड़ी ताकत हैं। चरानी हाल के मैचों में शानदार फॉर्म में रही हैं और टी-20 गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंच चुकी हैं। राधा यादव और प्रेमा रावत जैसे स्पिन विकल्प भारत को अतिरिक्त मजबूती देते हैं। वहीं थाईलैंड की टीम में थिपाचा पुथावोंग सबसे बड़ा हथियार मानी जा रही हैं। उनकी किफायती गेंदबाजी विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बना सकती है। बल्लेबाजी में नन्नापत कोनचारोएनकाई अच्छी लय में हैं और भारत को उनके खिलाफ सावधानी बरतनी होगी।

दुबई की पिच कैसी रहेगी?

दरअसल दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों को मदद दे सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, स्पिन गेंदबाजों को टर्न मिलने की संभावना बढ़ जाएगी। यही वजह है कि भारत का संतुलित स्पिन आक्रमण इस मुकाबले में बड़ा अंतर पैदा कर सकता है। रात में खेले जाने वाले इस मैच में शुरुआत में तेज गेंदबाजों को भी हल्की स्विंग मिल सकती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी पर विचार कर सकती है। मौसम की बात करें तो दुबई में आसमान साफ रहने का अनुमान है। दिन का तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि मैच के समय यह करीब 31 डिग्री तक आ सकता है। बारिश की कोई संभावना नहीं है, इसलिए पूरे 20 ओवर का मुकाबला होने की उम्मीद है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, भारती फुलमाली, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, प्रेमा रावत, राधा यादव, श्री चरानी, रेणुका ठाकुर।

थाईलैंड: नन्नापत कोनचारोएनकाई, नत्थाकन चन्थम, नरूमोल चाईवाई (कप्तान), फन्निता माया, चनिदा सुत्थिरुआंग, सुलेपॉर्न लाओमी, ओननिचा कामचोम्फू, थिपाचा पुथावोंग, सुनीदा चतुरोंगरत्तना, अपिसरा सुवानचोनराठी, चयानिसा फेंगपैन।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews