विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में पहुंचने के लिए हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रॉड्रिग्ज को करना होगा कमाल, जीत के लिए चाहिए 339 रन

आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को 339 रनों का लक्ष्य दिया गया है। खबर लिखे जाने तक भारतीय टीम ने 13.1 ओवर में 78 रन पर अपने दो विकेट गंवा दिए थे। भारत अभी भी जीत से 261 रन पीछे है।
विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में पहुंचने के लिए हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रॉड्रिग्ज को करना होगा कमाल, जीत के लिए चाहिए 339 रन

आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जा रहा है, जिसमें भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 339 रनों का लक्ष्य दिया है। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 338 रनों पर ऑल आउट हो गई। हालांकि ऑस्ट्रेलिया ने 49.5 ओवर तक बल्लेबाजी की। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा रन फीबी लिचफील्ड ने बनाए। लिचफील्ड ने 119 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 17 चौके और तीन छक्के शामिल थे। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की ओर से एलिस पेरी और एश्ले गार्डनर ने भी अच्छी पारियां खेलीं, जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया की टीम 338 के स्कोर तक पहुंच गई।

बता दें कि जो टीम यह मुकाबला जीतेगी, वह साउथ अफ्रीका के साथ फाइनल मुकाबला खेलेगी। इससे पहले दोनों टीमों के बीच लीग स्टेज में भी टक्कर देखने को मिली थी, जिसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा था। भारत के लिए यह लक्ष्य आसान नहीं रहने वाला है। ऐसे में यह मुकाबला अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है।

भारत की खराब शुरुआत

दरअसल भारत ने 339 रनों के स्कोर का पीछा करते हुए 78 के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए। खबर लिखे जाने तक शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना पवेलियन लौट चुकी थीं, जबकि जेमिमा रॉड्रिग्ज और कप्तान हरमनप्रीत कौर टिककर बल्लेबाजी कर रही थीं। शेफाली वर्मा ने पांच गेंदों में मात्र 10 रनों की पारी खेली और किम गार्थ का शिकार बन गईं। वहीं, स्मृति मंधाना 24 गेंदों में 24 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। खबर लिखे जाने तक भारत लक्ष्य से 265 रन पीछे था। भारतीय फैंस की उम्मीदें कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रॉड्रिग्ज पर टिकी हुई हैं। ऑस्ट्रेलिया की ओर से लगातार शानदार गेंदबाजी की जा रही है।

फीबी लिचफील्ड ने बनाए 119 रन

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की पारी पर नजर डाली जाए तो उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने मात्र 25 रन के स्कोर पर एलिसा हीली का विकेट गंवा दिया था। लेकिन इसके बाद फीबी लिचफील्ड ने शानदार पारी खेलते हुए शतक लगाया। उनके साथ एलिस पेरी ने 77 रन बनाकर 155 रनों की साझेदारी की, जिससे भारत पर दबाव बन गया और ऑस्ट्रेलिया बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही। इसके बाद बेथ मूनी 24 रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि एनाबेल सदरलैंड भी तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। वहीं, एश्ले गार्डनर ने 63 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने चार चौके और चार छक्के लगाए। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 338 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट श्रीचारिणी और दीप्ति शर्मा ने लिए। दोनों ही खिलाड़ियों ने दो-दो विकेट अपने नाम किए, जबकि क्रांति गौड़, अमनजोत कौर और राधा यादव को एक-एक विकेट हासिल हुआ। ऑस्ट्रेलिया के तीन खिलाड़ी इस मुकाबले में रन आउट हुए।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11:

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, अमनजोत कौर, जेमिमा रॉड्रिग्ज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, क्रांति गौड़, श्रीचारिणी, रेणुका सिंह ठाकुर।

ऑस्ट्रेलिया: एलिसा हीली (कप्तान और विकेटकीपर), फीबी लिचफील्ड, एलिस पेरी, बेथ मूनी, एनाबेल सदरलैंड, एश्ले गार्डनर, ताहलिया मैक्ग्रा, किम गार्थ, सोफी मोलिन्यू, अलाना किंग और मेगन शट।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews