
महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का आगाज 9 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने बड़ा फैसला लिया है। भारत की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स को दिल्ली कैपिटल्स की कमान सौंपी गई है। DC ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि कर दी है।
बता दें कि इससे पहले लगातार तीन सीजन ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान थीं। लैनिंग की कप्तानी में 3 बार WPL के फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन खिताब नहीं जीत पाई। वहीं मेगा ऑक्शन से पहले DC ने लैनिंग को रिलीज कर दिया था, जिसके बाद ऑक्शन में यूपी वॉरियर्स ने उन्हें 1.90 करोड़ रुपये में खरीदा है।
दिल्ली कैपिटल्स के मालिक पार्थ जिंदल ने जेमिमा को दी कप्तान वाली जर्सी
दिल्ली कैपिटल्स ने सोशल मीडिया प्लेटकॉर्म एक्स पर एक 4:46 मिनट का वीडियो शेयर किया है। ये वीडियो जेमिमा को सरप्राइज के देने के लिए बनाया गया है। इसमें बताया गया है कि जेमिमा को पहले से इस बात की जानकारी नहीं थी। उन्हें कुछ दिन पहले ये कहकर बुलाया गया था कि एक इवेंट है। लेकिन फिर उन्हें कप्तान बनाने की जिम्मेदारी दी गई। इस वीडियो में उनके परिवार के लोगों की भी बातें हैं जिसमें उनके घरवाले जेमिमा के संघर्ष और क्रिकेट के सफर के बारे में बात कर रही हैं। इसके बाद टीम के मालिक पार्थ जिंदल उन्हें एक दिल्ली की टीशर्ट देते हैं जिस पर जेमिमा के नाम के आगे कप्तान लिखा होता है। जेमिमा इसे देख हैरान रह जाती हैं और पार्थ जिंदल समेत टीम को धन्यवाद कहती हैं।
WPL में जेमिमा का प्रदर्शन
WPL में जेमिमा के आंकड़ों पर नजर डाले तो उन्होंने 27 मैचों में 28.16 के औसत से 507 रन बनाए हैं और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 139.66 का रहा है। जेमिमा ने WPL में तीन अर्धशतक लगाए हैं और उनका टूर्नामेंट में सर्वोच्च स्कोर नाबाद 69 रन रहा है। WPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स जेमिमा के नेतृत्व में 10 जनवरी को हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी।
इंटरनेशनल करियर में जेमिमा का प्रदर्शन
वहीं अगर जेमिमा के इंटरनेशनल करियर की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए अब तक 3 टेस्ट, 59 वनडे और 113 टी20 मुकाबले खेले हैं। टेस्ट में जेमिमा रोड्रिग्स ने 235, वनडे में 1749 तो टी20 में 2444 रन बनाए हैं। टेस्ट में जेमिमा ने 3 अर्धशतक, वनडे में 3 शतक और 8 अर्धशतक जबकि टी20 में 14 अर्धशतक लगाए हैं।
WPL 2026 के लिए DC की टीम
जेमिमा रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, मारिजाने कप्प, एनाबेल सदरलैंड, निकी प्रसाद, लाउरा वोलवार्ट, चिनेले हेनरी, श्री चरणी, स्नेह राणा, लिजेल ली, दीया यादव, तानिया भाटिया, ममता मादीवाला, नंदनी शर्मा, लुसी हैमिल्टन, मिन्नू मणि।
7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.
