खड़े हनुमान के दर्शन करने पहुंचे विधायक मालवीय, बोले- मंदिर हटाने की जरूरत नहीं…

उज्जैन में खड़े हनुमान मंदिर को हटाने का मुद्दा अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। बीते दिनों पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने सीएम मोहन यादव को पत्र लिखा था। वहीं अब विधायक मालवीय ने कहा है कि मंदिर को वहीं रहने देना चाहिए।
Khade Hanuman Mandir

उज्जैन में चौड़ीकरण के बीच खड़े हनुमान की प्रतिमा को हटाए जाने का मामला लगातार चर्चा में है। प्रशासन द्वारा कई बार कोशिश किए जाने के बाद भी प्रतिमा अपनी जगह से हिलने को तैयार नहीं है। इसी बीच ये मामला अब राजनीतिक रंग लेता हुआ दिखाई दे रहा है।

उमा भारती ने जहां मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को इस मामले में पत्र लिखा था। वहीं अब भाजपा विधायक चिंतामणि मालवीय मंदिर दर्शन करने के लिए पहुंचे। दर्शन करने के बाद उन्होंने मंदिर को उसी जगह पर रखने की बात कही। विधायक ने कहा कि सड़क पहले से ही पर्याप्त रूप से चौड़ी हो चुकी है, इसमें मंदिर को हटाने का कोई कारण नहीं है।

क्या बोले मालवीय

मंदिर के बारे में बात करते हुए विधायक ने कहा कि ‘वह बाबा के नियमित दर्शनार्थी में से एक हैं।’ मंदिर की प्राचीनता के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि ‘उज्जैन एक धार्मिक नगरी है, जहां हजारों साल पुराने मंदिर मौजूद हैं। यह भी बहुत पुराना मंदिर है और इसे इसके स्थान पर रहने देना चाहिए।’

शाही सवारी का जिक्र करते हुए मालवीय ने कहा कि ‘8 से 10 लाख श्रद्धालु सवारी में आए थे लेकिन किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। सड़क पहले से ही चौड़ी हो चुकी है ऐसे में मंदिर हटाने की जरूरत नहीं है।’ उन्होंने कहा कि ‘यह मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में है और यही उम्मीद की जा रही है कि जन भावना के मुताबिक निर्णय लिया जाएगा।’

उमा भारती ने लिखा था लेटर

बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने बीते ही दिन CM डॉ मोहन यादव को पत्र लिखकर खड़े हनुमान मंदिर का मामला संज्ञान में लेकर समाधान निकालने की बात कही थी। उन्होंने भोपाल में हुए चौड़ीकरण का जिक्र करते हुए कहा था कि कमलापति पार्क के आगे मस्जिद को वहीं रखते हुए रोड प्लान बदल गया था। इस तरह का प्लान मंदिर के साथ भी किया जा सकता है। उमा भारती ने कहा था कि आस्था और विकास को एक साथ लेकर चलना चाहिए। मंदिर को यथास्थान पर रखते हुए विकास कार्य आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews