नागदा पुलिस ने किया भैंस चोर गिरोह का खुलासा, सरगना सहित 2 गिरफ्तार, पिकअप और भैंसें बरामद

नागदा के खाचरोद में भैंस और पाड़ी चोरी करने वाले गिरोह को पुलिस ने दबोच लिया है। कुछ बदमाश फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
Nagda

उज्जैन के नागदा के अंतर्गत आने वाले खाचरोद इलाके में भैंस और पाड़ा चोरी करने वाला गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस ने इस गिरोह के मास्टरमाइंड और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है। कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

2 बदमाशों को गिरफ्तार करने के साथ पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया तकरीबन 16.50 लाख का पिकअप वाहन जब्त किया है। इसी के साथ चोरी की गई 3 भैंस और एक पाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

नाकाबंदी में धराए आरोपी

बता दें कि रानीसिंग रावटी स्टेशन रोड पर पुलिस ने नाकाबंदी लगाई हुई थी। इसी दौरान चोरी में इस्तेमाल की गई हरे रंग की पिकअप दिखाई दी, जिसे रोका गया। पुलिस को देखकर बदमाश घबरा गए और चलती गाड़ी से कूदकर भागने की कोशिश करने लगे। इस दौरान घेराबंदी कर देवीसिंह कटारा और चालक नरेश को गिरफ्तार किया गया। अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। इनकी तलाश की जा रही है।

भैंस और पाड़ी की बरामद

इन बदमाशों को गिरफ्तार करने के बाद जब उनसे पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि पिकअप में जो भैंस हैं उन्हें थडोदा से चोरी किया था। पिकअप वाहन से पुलिस तीन भैंस और एक पाड़ी बरामद कर ली है।

सीसीटीवी से खुला राज

बता दें कि थडोदा रोड स्थित एक टीन शेड में बंधी हुई भैंसों को अज्ञात बदमाशों ने चोरी कर लिया था। इस मामले में खाचरोद थाना में 362/26 के तहत केस दर्ज किया गया था। घटना के बाद उज्जैन पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की एक टीम तैयार की गई। पुलिस ने खाचरोद से लेकर रतलाम मार्ग तक जितने भी सीसीटीवी कैमरा थे। सभी के फुटेज तलाशने का काम शुरू किया। फुटेज के आधार पर यह जानकारी सामने आई की इस घटना में देवीसिंह कटारा का गिरोह शामिल है। इसके बाद नाकाबंदी कर इस गिरोह का पर्दाफाश किया गया।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews