Ujjain News: आशियाने बचाने के लिए सड़क पर उतरे रहवासी, कलेक्टर कार्यालय का किया घेराव

Ujjain News: आशियाने बचाने के लिए सड़क पर उतरे रहवासी, कलेक्टर कार्यालय का किया घेराव

Ujjain News: उज्जैन के सैकड़ों परिवारों की ओर से अपने आशियाने बचाने के लिए बुधवार को कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया गया। शहर की जिन 5 कॉलोनियों को खाली करने के आदेश दिए गए हैं, उन्हीं में रहने वाले लगभग 300 परिवारों का गुस्सा फूट पड़ा और वो सड़कों पर उतर गए।

यह सभी लोग प्रदर्शन करते हुए थाली बजाते हुए निकले और कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां पर कार्यालय का घेराव करते हुए रहवासियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के तहत हमें बिजली, सड़क सभी तरह की सुविधा दी गई है तो अब तोड़ने की बात क्यों की जा रही है। हाल ही में इन रहवासियों को मकान खाली करने के नोटिस जिला कलेक्टर कार्यालय से पहुंचाए गए हैं। इसी के चलते यह रहवासी अपने क्षेत्रों के पार्षदों के साथ यहां पहुंचे और थाली चम्मच बजाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इन लोगों में गुलमोहर कॉलोनी, सूरज नगर, श्रीराम नगर कॉलोनी, मंगल कॉलोनी और ग्यारसी नगर के लगभग 300 परिवार शामिल थे।

रहवासियों ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव करते हुए एसडीएम कल्याणी पांडे से बातचीत की और कहा कि हमारे मकान खाली नहीं करवाए जाएं और हमारी कॉलोनी को वैध कर दिया जाए। सिंहस्थ क्षेत्र के अंतर्गत इन तमाम कॉलोनियों को खाली करवाने की कार्रवाई की जा रही है। रहवासियों का कहना है कि पहले कभी भी यहां पर सिंहस्थ का मेला नहीं लगा है लेकिन फिर भी हमें परेशान किया जा रहा है। मामले में एसडीएम का कहना है कि फिलहाल तो कोई निराकरण नहीं निकला है लेकिन बातचीत करने के बाद आगे की कार्रवाई के बारे में रहवासियों को बता दिया जाएगा।

शहर की इन पांच कॉलोनी में कुल 300 अवैध मकानों पर कार्रवाई की जाने वाली है। सभी रहवासी पार्षद के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और एसडीएम कल्याणी पांडे को ज्ञापन सौंपा।इस दौरान पार्षद गब्बर भाटी ने कहा कि यह रहवासी वर्षों से यहीं पर रह रहे हैं और मैं प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मिल चुका हूं उसके बावजूद भी कोई निराकरण नहीं निकल रहा है। अगर यह कॉलोनी अवैध है तो फिर यहां के रहवासियों को इतने समय से बिजली, पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं क्यों दी जा रही थी।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews