
नवरात्रि के समय शहरों में विशेष तौर पर गरबा का आयोजन किया जाता है। कई जगह पर निशुल्क तो कुछ जगहों पर शुल्क सहित ये आयोजन रखे जाते हैं। हालांकि, अब आने वाली नवरात्रि को लेकर हिंदू संगठनों ने कमर कस ली है। कई शहरों में पेड गरबा को लेकर विरोध देखने को मिल रहा है।
इसी कड़ी में उज्जैन में भी हिंदूवादी संगठनों का विरोध देखने को मिला। हिंदू जागरण मंच की ओर से पेड गरबा के आयोजन रोकने के लिए मुहिम शुरू की गई है। बुधवार रात तीन बत्ती स्थित शुभ बेकरी पर विरोध देखने को मिला। यहां पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पोस्टर बैनर फाड़कर इस तरह के आयोजन ना करने की चेतावनी दी।
पोस्टर बैनर फाड़ किया विरोध
जैसे ही पेड आयोजन की जानकारी हिंदू जागरण मंच को लगी। संगठन की महिला विंग और युवा कार्यकर्ता शुभ बेकरी पर पहुंच गए। सभी ने बेकरी संचालक को इस तरह के कमर्शियल इवेंट से दूर रहने को कहा। यहां शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे कहासुनी में बदल गई। 15 मिनट तक चली बहसबाजी के बाद कार्यकर्ताओं ने मौके पर लगे पोस्टर बैनर फाड़ दिए।
संगठन का क्या कहना
पेड गरबा आयोजन को लेकर संगठन का कहना है कि नवरात्रि माता की भक्ति का समय होता है। ऐसे में माता की प्रतिमा बैठाकर पारंपरिक गरबा करवाने वालों का स्वागत है। लेकिन टिकट आधारित व्यावसायिक आयोजन में जो अश्लीलता की जा रही है। उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी है कि इस तरह के आयोजन करवाने वालों के खिलाफ विरोध किया जाएगा। आयोजन बंद करवाने की चेतावनी भी संगठन ने दी है।
राजाराम रिसॉर्ट में है आयोजन
बता दें कि 11 अक्टूबर से नवरात्रि की शुरुआत होने वाली है, जो 20 अक्टूबर तक चलेगी। इस दौरान शहर के राजाराम रिसोर्ट में 13 से 15 अक्टूबर तक डांडिया बीट्स के नाम से आयोजन रखा गया है। जिस बेकरी पर हिंदू संगठन का हंगामा देखने को मिला। वो इस आयोजन के साथ स्पॉन्सर के रूप में जुड़ी है। यही वजह है कि दुकान पर पोस्टर लगे हुए थे। वहीं बेकरी के सोशल मीडिया हैंडल से भी आयोजन के बारे में जानकारी दी जा रही थी।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

